असम से यूपी तक फैला था गांजे का खेल! STF ने ट्रक रोक खोला ऐसा राज, देखकर रह गए अफसर भी दंग

असम से यूपी तक फैले गांजा तस्करी नेटवर्क का ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया। कुशीनगर में STF ने एक ट्रक को रोककर जब तलाशी ली, तो अंदर जो मिला उसने पूरे मामले को सनसनीखेज बना दिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 May 2026, 9:40 AM IST
google-preferred

Kushinagar: उत्तर प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुशीनगर जिले में एसटीएफ ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय गांजा तस्करी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

एसटीएफ की इस कार्रवाई में कुल 63.250 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15.50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक ट्रेलर ट्रक, तीन मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है।

टोल प्लाजा पर STF की बड़ी कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई 17 मई 2026 की सुबह करीब 6:40 बजे सलेमगढ़ टोल प्लाजा, थाना तमकुहीराज क्षेत्र में की गई। एसटीएफ को पहले से सूचना मिल रही थी कि कुछ तस्कर असम से बड़ी मात्रा में गांजा लाकर पूर्वांचल के जिलों में सप्लाई करने वाले हैं।

लखनऊ में गरमाया 69000 शिक्षक भर्ती मामला, अभ्यर्थियों का प्रदर्शन आज, बढ़ाई गई राजधानी की सुरक्षा

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ की टीम लगातार निगरानी कर रही थी। पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के निर्देशन में टीम को सक्रिय किया गया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रेलर ट्रक नंबर बीआर 03 जीबी 9254 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में बड़े खुलासे

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बादल यादव उर्फ प्रिन्श, शशिविन्द कुशवाहा और राज करन गुप्ता के रूप में हुई है। तीनों आरोपी कुशीनगर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ट्रक शशिविन्द कुशवाहा के नाम पर पंजीकृत है और वे लोग बिहार के गोपालगंज निवासी एक व्यक्ति के कहने पर असम से गांजे की खेप लेकर आते थे। इसके बाद इसे देवरिया और आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाता था।

आरोपियों ने बताया कि 14 मई को असम के रौता इलाके से गांजा लोड किया गया था। इस काम के बदले उन्हें प्रति खेप करीब 800 रुपये दिए जाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

लंबे समय से मिल रही थी तस्करी की सूचना

एसटीएफ को पिछले कई दिनों से अन्तर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों की सूचना मिल रही थी। इसके बाद अलग-अलग इकाइयों को सूचना एकत्र करने और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ की टीम लगातार कुशीनगर और आसपास के इलाकों में निगरानी कर रही थी। टीम में उपनिरीक्षक जावेद आलम सिद्दी, चन्द्र प्रकाश मिश्र समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। सूचना मिलने के बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।

लखीमपुर में मौत का तांडव! एक पल में खत्म हो गई 8 लोगों की जिंदगी, चीखों से कांपा इलाका

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज

इस मामले में थाना तमकुहीराज में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।

पूर्वांचल में बढ़ती मादक पदार्थ तस्करी चिंता का विषय

पूर्वांचल के कई जिलों में हाल के दिनों में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस और एसटीएफ लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर नेटवर्क चला रहे हैं।

Location :  Kushinagar

Published :  18 May 2026, 9:40 AM IST

Advertisement