हिंदी
यूपी और हिमाचल प्रदेश में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना है। प्रदेश में चक्रवात मोंथा के कारण 29-31 अक्टूबर तक बारिश और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी और ठंड बढ़ सकती है।
चक्रवात मोंथा का असर
Lucknow/Shimla: उत्तर प्रदेश में अक्टूबर का आखिरी हफ्ता मौसम में उतार-चढ़ाव और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवाती सिस्टम ‘मोंथा’ के प्रभाव में गुजरने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर से आ रही नमी और बंगाल की खाड़ी में बन रहे वेदर सिस्टम के चलते बादलों की सक्रियता बढ़ी है। इसका असर अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के रूप में देखा जा सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहन अवदाब तेजी से प्रबल होकर गंभीर चक्रवाती तूफान मोंथा में बदल रहा है। यह तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट के आसपास 28 अक्टूबर की शाम या रात तक प्रचंड रूप ले सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवात: आंध्र, तमिलनाडु, ओडिशा और बंगाल में अलर्ट जारी, जानें मौसम का हाल
मौसम विभाग ने चेताया है कि 29 से 31 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में मोंथा के प्रभाव के चलते गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बुंदेलखंड और पूर्वांचल के जिलों में भी बारिश का पूर्वानुमान है। विशेष रूप से 30 अक्टूबर को वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है।
चक्रवात मोंथा और बारिश के अनुमान के चलते किसानों में चिंता बढ़ गई है। बुंदेलखंड और पूर्वांचल में धान की कटाई जोरों पर है। किसानों का मानना है कि अगर फसल खेत में तैयार रहते हुए बारिश की चपेट में आती है तो भारी नुकसान हो सकता है।
Cyclone Fengal: चक्रवात फेंगल दिखाने लगा रौद्र रूप, कहीं भीषण बारिश तो कहीं ये नई आफत
उत्तर प्रदेश में मौसम की स्थिति के अलावा हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदलाव की ओर है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। राज्य के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। ताबो और केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है। हालांकि, शिमला और आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिली रही।