उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड! शुष्क मौसम के बीच पारा तेजी से लुढ़का, कई जिलों में कोहरे का अलर्ट

उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच ठंड तेजी से बढ़ रही है। पहाड़ी इलाकों में पाला जम रहा है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरा घना हो रहा है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में येलो अलर्ट जारी है। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 11 December 2025, 7:59 AM IST
google-preferred

Dehradun: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम बेहद शुष्क बना हुआ है और इसी के साथ तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है। दिन के समय भले ही चटक धूप राहत दे रही हो, लेकिन सुबह और शाम की ठिठुरन बढ़ती जा रही है। राज्य के कई हिस्सों में सर्द हवाएं बहने लगी हैं, जिससे शीतलहर का प्रभाव बढ़ गया है।

मौसम विभाग ने दी ठंड बढ़ने की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में सर्दी और तेज हो सकती है। आज पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा बढ़ने की संभावना जताई गई है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है, जहां दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

Weather Update: बिहार, दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड, कई राज्यों में लुढ़का तापमान; जानें आज के मौसम का हाल

देहरादून में धूप के बावजूद बढ़ी ठिठुरन

शुष्क मौसम ने बढ़ाई ठिठुरन (Img- Google)

देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को भी आसमान पूरी तरह साफ रहा और धूप खिली रही। दिन में लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली, लेकिन सुबह-शाम की बर्फीली हवा ने तापमान को काफी नीचे खींच लिया। अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान अभी भी सामान्य से एक डिग्री अधिक है। इसी प्रकार अन्य मैदानी जिलों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस कम हुआ है।

पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड

ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर और ज्यादा दिखाई दे रहा है। चमोली जिले की नीति घाटी में तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यहां बहने वाले गदेरे और झरने जम गए हैं। लगातार पाला गिरने और बारिश न होने के कारण क्षेत्र में कोरी ठंड पड़ी हुई है। इससे स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

रामनगर में अतिक्रमण में प्रभावित हुए परिवारों से मिली ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, नुमाइंदों की चुप्पी पर साधा निशाना

अगले दिनों में और गिरेगा न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। पहाड़ी इलाकों में पाला जमने और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने की संभावना है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर के लिए जारी येलो अलर्ट अगले 24 घंटों तक प्रभावी रहेगा। विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है, जिससे सर्दी का असर और अधिक महसूस होगा।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 11 December 2025, 7:59 AM IST