बारिश के बाद ठंडी हवाओं का असर, दिल्ली समेत कई राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज, जानें ताजा अपडेट

मार्च के पहले पखवाड़े में मौसम ने बदला मिजाज। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की संभावना। यूपी, राजस्थान, एमपी और बिहार में भी मौसम सक्रिय, येलो अलर्ट जारी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 16 March 2026, 9:09 AM IST
google-preferred

New Delhi: मार्च के पहले पखवाड़े में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में इसका असर देखा जा रहा है। रविवार तड़के दिल्ली में हुई हल्की बारिश ने राजधानी का मौसम सुहावना बना दिया। तेज हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पूरे हफ्ते मौसम ऐसे ही बदलते रह सकता है, जिसमें गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश के आसार हैं।

दिल्ली में फिर हो सकती है बारिश

दिल्ली की हवा में रविवार की हल्की बारिश के बाद ठंडक महसूस की गई। सुबह तेज हवाओं के कारण ठंड का एहसास बढ़ गया। मौसम विभाग ने 18 मार्च को राजधानी में बारिश की संभावना जताई है। 16 मार्च को मौसम साफ रहेगा, अधिकतम तापमान लगभग 33°C और न्यूनतम तापमान 16°C रह सकता है।

17 मार्च को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा, जबकि 18 मार्च को कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 19 से 21 मार्च तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 31°C और न्यूनतम तापमान 16°C रह सकता है।

UP में अचानक मौसम ने ली करवट, 16 मार्च को कैसा रहेगा मौसम का हाल, जानिए पूरी जानकारी

पंजाब और हरियाणा में मौसम बदला

दिल्ली से सटे पंजाब और हरियाणा में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। इन राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 19 और 20 मार्च को भी इन इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में मौसम सक्रिय है। 16 से 19 मार्च के बीच कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।

राजस्थान और यूपी में असर

राजस्थान और उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है। उत्तर और पूर्वी यूपी में तेज हवाओं, गरज-चमक और ओले गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी है। राजस्थान में भी मौसम लगभग इसी तरह बना रह सकता है, जिससे बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही है।

धूप से तप रहा था यूपी… अचानक छाए काले बादल! नोएडा-मेरठ में तेज बारिश और आंधी, जानें कैसा रहेगा 48 घंटे का मौसम?

मध्य प्रदेश और बिहार में मौसम कब बदलेगा?

मध्य प्रदेश में 17 मार्च के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज आंधी और बारिश की संभावना रहेगी। ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, नीमच, मंदसौर, रतलाम और धार जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार में भी 20 मार्च तक कई जिलों में बारिश हो सकती है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 16 March 2026, 9:09 AM IST

Advertisement