हिंदी
Symbolic Photo
Ramnagar: उत्तराखंड के रामनगर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में काशीपुर के 2 युवकों की मौत हो गई। हादसा रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर ग्राम छोई के पास हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं इस हादसे में एक टेंपो चालक भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम खरमासा, कुंडेश्वरी निवासी रोशन प्रीत (19 वर्ष) और जसनदीप (19 वर्ष) मोटरसाइकिल से हल्द्वानी जा रहे थे। दोनों युवक कुंडेश्वरी क्षेत्र के एक स्कूल में वैन चालक के रूप में काम करते थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वे किसी वाहन का पार्ट्स लेने के लिए हल्द्वानी की ओर निकले थे। इसी दौरान जब उनकी बाइक छोई गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की जोरदार टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे एक टेंपो से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में टेंपो चालक मोहम्मद असलम भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बचाने की कोशिश की और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से दोनों युवकों को इलाज के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल टेंपो चालक मोहम्मद असलम को रामनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतकों के रिश्तेदारों ने पुलिस से हादसे के जिम्मेदार अज्ञात कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Mainpuri Land Scam: भरोसा जीतकर रची साजिश, रेशमा देवी की जमीन हड़पने का आरोप!
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Ramnagar
Published : 17 March 2026, 5:18 PM IST