हिंदी
मौसम अपडेट (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में दिसंबर के साथ ही मौसम ज्यादा सर्द होता जा रहा है। सुबह और रात के समय पड़ने वाली ठंड और कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। खासकर पूर्वी यूपी के तराई क्षेत्रों में घने कोहरे का प्रभाव ज्यादा रहने का अनुमान है। कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक दृश्यता प्रभावित होने की चेतावनी जारी की गई है।
लखनऊ, गोरखपुर, कुशीनगर और महाराजगंज जैसे जिलों में बुधवार से कोहरा एक बार फिर घना दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि 11 और 12 दिसंबर को सुबह के समय प्रदेश के कई हिस्सों में छिछला से मध्यम कोहरा छा सकता है, जबकि तराई के इलाकों में घना कोहरा छाने की पूरी संभावना है। कुशीनगर, महराजगंज, बहराइच, लखीमपुर खीरी और गोंडा सहित कई जिले ऐसे हैं, जहां अत्यंत घना कोहरा पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है।
कोहरे की वजह से सुबह-सुबह वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। स्कूल जाने वाले बच्चों और सुबह काम पर निकलने वाले लोगों के लिए यह मौसम और अधिक चुनौतीपूर्ण बन गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी।
तापमान की बात करें तो इटावा में सबसे कम 6.4℃ दर्ज किया गया, जो इस सीजन का न्यूनतम तापमान माना जा रहा है। बरेली में 6.6℃, शाहजहांपुर में 7℃, अयोध्या में 7.5℃ और गोरखपुर में 8.5℃ तापमान दर्ज किया गया। लखनऊ में भी ठंड का असर बढ़ रहा है, जहां न्यूनतम तापमान 9.4℃ तक पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। नजीबाबाद में अधिकतम तापमान 21℃ तक पहुंच गया, जो सामान्य से कम है।
मौसम विभाग ने यह भी जानकारी दी कि 12 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होगा। इस कारण अगले कुछ दिनों तक हवाओं की दिशा बदलेगी और पूर्वा हवाएं चलेंगी। पूर्वा हवाओं के कारण वातावरण में हल्के बादल दिखाई देने की संभावना है, हालांकि किसी बड़े मौसमीय बदलाव या भारी बारिश की आशंका नहीं है। फिर भी इस सिस्टम के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड! शुष्क मौसम के बीच पारा तेजी से लुढ़का, कई जिलों में कोहरे का अलर्ट
विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से चल रही ठंडी पछुआ हवाओं की वजह से गलन बढ़ गई थी। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद इन हवाओं में थोड़ी नरमी आएगी, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिल सकती है। हालांकि कोहरा कम होने की संभावना अभी कम ही दिख रही है, खासकर पूर्वी यूपी में। कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश का मौसम इस सप्ताह ठंडा और कोहरे से घिरा हुआ ही रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुबह-सुबह यात्रा के दौरान सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां बरतें।
Location : Lucknow
Published : 11 December 2025, 8:30 AM IST
Topics : cold FOG Lucknow uttar pradesh Weather Update