हिंदी
सुल्तानपुर जनपद में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कमी को लेकर फैली अफवाहों पर अब पूरी तरह विराम लग गया है। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग के लगातार प्रयासों का असर साफ दिखाई दे रहा है। जिले के पेट्रोल पंपों पर अब भीड़ समाप्त हो चुकी है। पढ़ें पूरी खबर
अफवाहों पर प्रशासन की सख्ती
Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जनपद में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कमी को लेकर फैली अफवाहों पर अब पूरी तरह विराम लग गया है। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग के लगातार प्रयासों का असर साफ दिखाई दे रहा है। जिले के पेट्रोल पंपों पर अब भीड़ समाप्त हो चुकी है और ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का लगातार निरीक्षण
जिला अधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर जिला आपूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य के नेतृत्व में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी हुई है।
लगातार चेकिंग से व्यवस्था हुई मजबूत
जिला आपूर्ति अधिकारी की टीम, जिसमें सभी सप्लाई इंस्पेक्टर अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर नियमित जांच कर रही है। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, वितरण व्यवस्था और उपलब्ध ईंधन की स्थिति का सत्यापन किया जा रहा है।अधिकारियों के अनुसार जनपद में पेट्रोल, डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा किसी भी प्रकार की आपूर्ति संकट की स्थिति नहीं है।
निरीक्षण में मिली सामान्य आपूर्ति
जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा किए गए ताजा निरीक्षण के दौरान सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति सामान्य पाई गई। पहले जहां अफवाहों के कारण लंबी कतारें और भीड़ देखने को मिल रही थी, वहीं अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के पेट्रोल-डीजल मिल रहा है।
अफवाहों से बचने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।