हिंदी
प्रतीकातमक छवि (image source: internet)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र के मुकारीपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेम विवाह करने वाले दंपती शादाब (25) और निकहत निशा (24) मृत अवस्था में मिले। शादाब का शव कमरे में पंखे से लटका मिला, जबकि गर्भवती पत्नी निकहत बिस्तर पर पड़ी थीं। उनके मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई थी।
जानकारी के अनुसार घटना वाली रात दोनों ने परिवार के साथ खाना खाया और अपने कमरे में चले गए थे। देर रात तक दोनों के बीच कहासुनी होने की बात भी सामने आई है। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे लोगों ने जो दृश्य देखा, उससे सभी स्तब्ध रह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया है। दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में निकहत के गले पर दबाव के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका मजबूत हो गई है।
वहीं पति शादाब की मौत फंदे से लटकने के कारण होने की पुष्टि हुई है। पुलिस को शक है कि पत्नी की हत्या करने के बाद शादाब ने खुदकुशी की। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एसपी उत्तरी दिनेश पुरी ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शादाब और निकहत ने सात नवंबर 2025 को परिवार की सहमति से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा था।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि निकहत मुंबई में पली-बढ़ी थीं और गांव के माहौल में खुद को सहज महसूस नहीं कर पा रही थीं। वहीं शादाब की बेरोजगारी और आर्थिक तंगी को लेकर भी दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजनों के मुताबिक, निकहत कई बार शादाब को ताने भी देती थीं। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Location : Gorakhpur
Published : 14 May 2026, 2:17 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur Love Marriage Murder Case UPnews