हिंदी
गोरखपुर में बोल्डर उतारते समय पलटा मौत का ट्रेल
गोरखपुर: खजनी थाना क्षेत्र के महुआडाबर चौकी अंतर्गत कंदराई गांव के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें ट्रेलर चालक की मौत हो गई। जरलही पुल पर सरकारी कार्य के लिए बोल्डर लेकर आया चालक ट्रेलर से पत्थर उतरवा रहा था। उसी दौरान अचानक भारी भरकम ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया। हादसे में चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार ट्रेलर संख्या यूपी 35 एटी 9995 पर बोल्डर (पत्थर) लादकर चालक सूरज कुमार (24) पुत्र बेचन राम निवासी लक्ष्मणपुर डगमगपुर, थाना पड़री, जनपद मिर्जापुर से गोरखपुर आया था। उसे खजनी थाना क्षेत्र के जरलही पुल पर सरकारी कार्य के लिए बोल्डर पहुंचाना था।
भारी ट्रेलर पलटने से चालक की मौके पर मौत
बताया जाता है कि शाम करीब पांच बजे कंदराई गांव के पास ट्रेलर से पत्थर उतारने का काम चल रहा था। इसी बीच अचानक ट्रेलर असंतुलित होकर पलट गया। वाहन के पलटते ही चालक उसकी चपेट में आकर नीचे दब गया। हादसा इतना गंभीर था कि चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही महुआडाबर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष यादव पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आवश्यक कार्रवाई की और मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस, बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
इस संबंध में एसएचओ खजनी जयंत सिंह ने बताया कि मृतक चालक के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस हादसे से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
उधर, 24 वर्षीय जवान बेटे की अचानक मौत की खबर से मिर्जापुर स्थित उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे के सहारे परिवार ने भविष्य के सपने संजोए थे, उसकी असामयिक मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल होने की आशंका है। रोजी-रोटी और सरकारी कार्य के सिलसिले में घर से निकले चालक की इस तरह दर्दनाक मौत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
Location : गोरखपुर
Published : 14 November 2026, 10:59 PM IST