हिंदी
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस
Mumbai: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना की जांच के बीच क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने आग्रीपाड़ा इलाके से दो देसी पिस्तौल और 19 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने 31 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद हथियारों का टाइगर श्रॉफ शूटआउट केस से कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर सुहास माने को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना वैध लाइसेंस के हथियार और कारतूस लेकर आग्रीपाड़ा के के.के. मार्ग स्थित म्युनिसिपल इंडस्ट्रियल एस्टेट के गेट के बाहर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर माने के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाया।
14 नवंबर की देर रात करीब 1:10 बजे डोसा कंपाउंड के पास चार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने विरोध करते हुए भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि बाकी तीन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश श्रीकांत लांडगे (31) के रूप में हुई है। वह ठाणे के वागले एस्टेट का रहने वाला है और पेशे से ड्राइवर है। पुलिस ने उसकी तलाशी के दौरान कमर के पास से दो देसी पिस्तौल और जेब से 18 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा एक पिस्तौल की नाल के अंदर से भी एक कारतूस मिला। इस तरह कुल 19 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों और कारतूसों की कुल कीमत करीब 79 हजार रुपये है।
इस गिरफ्तारी को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि हथियार बरामद करने वाली क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ही टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई गोलीबारी के मामले की जांच कर रही है।
हालांकि, क्राइम ब्रांच ने अभी तक गिरफ्तार आरोपी और टाइगर श्रॉफ शूटआउट केस के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रिमांड की सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपी को जिस जगह से गिरफ्तार किया गया, वह क्राइम ब्रांच के उस कार्यालय से कुछ ही दूरी पर है, जहां शूटआउट मामले में गिरफ्तार कुछ आरोपियों को भी रखा गया था।
क्राइम ब्रांच ने अदालत से गणेश लांडगे की तीन दिन की पुलिस हिरासत मांगी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को हथियार कहां से मिले, क्या उसने हथियार चलाने की ट्रेनिंग ली थी और उसके साथ फरार हुए तीन अन्य संदिग्ध कौन हैं।
जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार रखने का असली मकसद क्या था और क्या इस मामले का टाइगर श्रॉफ शूटआउट केस से कोई कनेक्शन सामने आता है।
इस मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1)(ए) और 135 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुरुआत में एफआईआर आग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई थी, जिसे बाद में जांच के लिए क्राइम ब्रांच यूनिट-2 को सौंप दिया गया।
Location : Mumbai
Published : 15 November 2026, 12:14 PM IST
Topics : AgriPada Arms Case Ganesh Shrikant Landge Mumbai Crime Branch Mumbai Crime News Tiger Shroff House Firing