हिंदी
मुंबई में युवक से पिस्तौल और कारतूस बरामद (Img- X)
Mumbai: सपनों की नगरी मुंबई में आपराधिक मामले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं, ऐसे में मुंबई क्राइम ब्रांच में सतर्क हो गई है। हाल ही मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक एक ऐसा आरोपी पकड़ा है, जिसने पूरे शहर में अफरा-तफरी मचाकर रखी थी। बता दें कि पुलिस ने अग्रीपाडा इलाके से एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से दो देसी पिस्तौल और 19 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश लांडगे के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास इतने सारे हथियार कहां से आए और उनका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था। वहीं इस मामले में टाइगर श्रॉफ से जुड़े एक अन्य प्रकरण की जांच का जिक्र भी सामने आया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना किसी वैध लाइसेंस या परमिट के हथियार और जिंदा कारतूस लेकर अग्रीपाड़ा इलाके में घुसने की योजना बना रहा है। जैसे ही क्राइम ब्रांच को सूचना मिली, वह तुरंत कार्रवाई में जुट गई। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की एक टीम ने इलाके की निगरानी शुरू कर दी। पुलिस ने गणेश लांडगे को पकड़ा, जो संदिग्ध हालत में घूम रहा था। तलाशी लेने पर उसके पास से दो देसी पिस्तौल और 19 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
Bomb Threat: मुंबई में बम की धमकी से हड़कंप, अमिताभ बच्चन के बंगले और एयरपोर्ट को उड़ाने की चेतावनी
हथियार बरामद होने के बाद, आरोपी के खिलाफ अग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। सुनवाई के दौरान, आरोपी ने दावा किया कि पुलिस ने उसे अचानक गिरफ्तार कर लिया, जबकि पुलिस का कहना है कि उनकी कार्रवाई एक पुख्ता खुफिया जानकारी पर आधारित थी।
आरोपी गिरफ्तार (Img- X)
अदालत में पुलिस ने बताया कि उन्हें चार लोगों के हथियार लेकर एक साथ इकट्ठा होने की सूचना मिली थी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य संदिग्ध अभी भी फरार हैं। अधिकारियों ने अदालत को यह भी बताया कि वे टाइगर श्रॉफ मामले से जुड़ी जांच करना चाहते हैं। हालांकि, गिरफ्तार व्यक्ति और टाइगर श्रॉफ से जुड़े मामले के बीच किसी संबंध के बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस फिलहाल हथियारों के स्रोत और उनके संभावित इस्तेमाल की जांच कर रही है।
मुंबई में अवैध हथियारों की बरामदगी का यह कोई पहला मामला नहीं है। 24 मई को, मुंबई क्राइम ब्रांच ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से चीन में बनी तीन अत्याधुनिक पिस्तौलें और 45 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। यह ऑपरेशन दक्षिण मुंबई में पी. डी'मेलो रोड पर सेंट जॉर्ज अस्पताल के पास चलाया गया था। पुलिस हथियारों के कारोबार से जुड़े एक नेटवर्क की जांच कर रही है।
मुंबई लोकल में सरेआम छेड़खानी, मनचले ने युवती को ट्रेन से दिया धक्का: हाथ टूटा, सिर पर लगे 16 टांके
यह ऑपरेशन क्राइम ब्रांच के एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (वसूली विरोधी सेल) द्वारा खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया था। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी मुंबई हथियार क्यों लाए थे और क्या वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गणेश लांडगे की गिरफ्तारी के बाद, पुलिस अब इस बात पर ध्यान दे रही है कि जब्त किए गए हथियार कहाँ से आए, इनके पीछे कौन लोग हैं, और क्या यह मामला हथियारों के किसी बड़े अवैध नेटवर्क से जुड़ा है।
Location : Mumbai
Published : 14 November 2026, 5:32 PM IST