फर्रुखाबाद में मायके में विवाहिता ने दी जान, पति की शराबी हरकतों से थी परेशान, जांच जारी

फर्रुखाबाद के मुबारिकपुर में मायके में रह रही 30 वर्षीय विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने पति पर शराब पीकर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Updated : 3 June 2026, 4:20 PM IST
google-preferred

Farrukhabad: जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुबारिकपुर गांव में बुधवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका अपने मायके में रह रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मायके पक्ष ने मृतका के पति पर प्रताड़ना और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

चार दिन पहले मायके आई थी शिल्पी

जानकारी के अनुसार, मुबारिकपुर गांव निवासी बेचेलाल की 30 वर्षीय बेटी शिल्पी की शादी मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नगला शीशम गांव निवासी विजय के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विजय शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में आए दिन शिल्पी के साथ मारपीट करता था। पति की इस आदत और प्रताड़ना से शिल्पी काफी परेशान रहती थी।

बताया गया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इसी कारण चार दिन पहले बेचेलाल अपनी बेटी शिल्पी को ससुराल से अपने घर मुबारिकपुर ले आए थे, ताकि उसे कुछ राहत मिल सके और पारिवारिक माहौल में वह सामान्य जीवन जी सके।

Farrukhabad Encounter: पुलिस हिरासत से भागा हिस्ट्रीशीटर कुलवंत; रात के अंधेरे में गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट

सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला शव

मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद घर की दूसरी मंजिल पर सोने चले गए थे। शिल्पी नीचे के कमरे में थी। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग दूसरी मंजिल से नीचे आए तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।

शिल्पी का शव कमरे की छत में लगे कुंडे से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही जहानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ भी की। मामले की जानकारी मिलने पर मृतका के ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर दोनों पक्षों में शोक का माहौल बना हुआ है।

Farrukhabad: अहमदाबाद से मौत बुला लाई घर! शादी की रस्मों के लिए आए सचिन के साथ सड़क पर क्या हुआ? वो 20 मिनट जिसमें सब खत्म हो गया

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी ने बताया कि विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं, विवाहिता की मौत से मायके और ससुराल दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Location :  Farrukhabad

Published :  3 June 2026, 4:20 PM IST

Related News

Advertisement