हिंदी
फर्रुखाबाद के निनौरा श्रृंखलापुर गांव में भीषण सड़क हादसा(Source: Google)
Farrukhabad: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कमालगंज थाना क्षेत्र के निनौरा श्रृंखलापुर गांव के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सचिन (पुत्र राम खिलाड़ी) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर सचिन के साथ दो अन्य युवक भी सवार थे, जो हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। वहीं, टक्कर मारने वाला ट्रैक्टर चालक भी वाहन सहित भागने में सफल रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद युवक का शव लगभग 20 मिनट तक सड़क पर पड़ा रहा, जिससे राहगीरों में भारी रोष देखा गया।
इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। सचिन की मौत महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक परिवार के सपनों का अंत है। बताया जा रहा है कि सचिन अपनी शादी की तैयारियों के लिए महज 3 दिन पहले ही अहमदाबाद से अपने घर लौटा था।
Muzaffarnagar: पुलिस दबिश के दौरान भारी बवाल, परिजनों ने हाथापाई कर पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाया आरोपी
आगामी 21 अप्रैल को सचिन की रुकाई और गोदभराई की रस्म होनी निर्धारित थी। घर में शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं और खुशियों का माहौल था, लेकिन इस अनहोनी ने उन खुशियों को उम्र भर के मातम में बदल दिया।
सचिन अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। बेटे के सिर पर सेहरा सजने का सपना देख रहे पिता राम खिलाड़ी बेसुध होकर गिर पड़े हैं, वहीं बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
महाराजगंज में साइबर गैंग का बड़ा खुलासा, कंबल देकर मोबाइल लेते थे और… 5 गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक और बाइक से भागे अन्य दो युवकों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Farrukhabad
Published : 16 April 2026, 2:16 AM IST
Topics : Farrukhabad Kamalganj Local News Road Accident UP News