हिंदी
Symbolic Photo (IMG: Pinterest)
पीड़िता सिमरन के मुताबिक, उसकी शादी को करीब 16 साल हो चुके हैं और उसकी दो बेटियां हैं। उसका पति बिजली का काम करता है, जबकि जिस महिला के साथ उसके पति के कथित संबंध हैं, वह उसकी सगी भाभी है और बुटीक चलाती है। सिमरन का आरोप है कि उसका पति पिछले पांच साल से अपनी भाभी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप की तरह रह रहा है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी भाभी अपने पति यानी सिमरन के पति के भाई को पहले ही छोड़ चुकी है। महिला का दावा है कि इस रिश्ते की वजह से उसका वैवाहिक जीवन लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है।
Symbolic Photo (IMG: Pinterest)
सिमरन ने अपने पति को कथित प्रेमिका यानी उसकी सगी भाभी के घर पर पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साई पत्नी ने चप्पलों से पति की पिटाई शुरू कर दी और उसका गिरेबान पकड़कर उसे बाहर खींच लिया। इस दौरान दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद पति ने भी अपना आपा खो दिया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। महिला के मुताबिक, पति और उसकी भाभी के बीच कथित संबंधों को लेकर पहले भी घर में विवाद होता रहा है।
पीड़िता सिमरन ने आरोप लगाया कि उसकी पति आए दिन भाभी के उकसाने पर उसके साथ मारपीट करता है। उसने बताया कि पहले हुई मारपीट के दौरान उसकी आंख की हड्डी तक टूट चुकी है। इतना ही नहीं, जब उसकी पांच साल की मासूम बेटी बीच-बचाव करने आई तो उसका एक दांत भी टूट गया था। महिला का यह भी आरोप है कि पति ने अब घर का खर्च देना बंद कर दिया है। इससे उसे अपनी दोनों बेटियों की परवरिश और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानी हो रही है।
मारपीट की शिकायत मिलने के बाद दुगरी पुलिस चौकी ने सिमरन को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल भेजा। लेकिन पीड़िता का आरोप है कि उसका पति अपनी कथित प्रेमिका यानी भाभी को लेकर अस्पताल भी पहुंच गया और वहां भी उसे खुलेआम धमकाने लगा। लगातार विवाद और कथित मारपीट से परेशान होकर सिमरन ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपी है। उसने आरोपी पति और उसकी कथित प्रेमिका के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों पर पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
Location : Punjab
Published : 12 November 2026, 2:02 PM IST