वीडियो कॉल से शुरू हुआ लालच का खेल, 70 हजार गंवाने के बाद टूट गई अंजली, उठा लिया सनसनीखेज कदम

20 लाख रुपये की लॉटरी का लालच देकर एक महिला को साइबर ठगों ने ऐसा जाल में फंसाया कि उसने अपनी जमा पूंजी तक गंवा दी। ठगों की मांग बढ़ती गई और महिला को जब सच्चाई का पता चला तो वह बुरी तरह टूट गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 23 August 2026, 6:04 PM IST
google-preferred

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। 20 लाख रुपये की लॉटरी लगने का झांसा देकर एक महिला से करीब 70 हजार रुपये ठग लिए गए। जब महिला को सच्चाई का पता चला तो वह गहरे तनाव में चली गई। कुछ ही दिनों बाद उसने कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पति दिल्ली में चलाते हैं कैब

मामला कुर्रा थाना क्षेत्र के अहिकारीपुर गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाली अंजली देवी के पति प्रबल प्रताप चौहान दिल्ली में कैब चलाते हैं। अंजली गांव में रहती थीं। पति के मुताबिक, अंजली भैंस खरीदने के लिए लोन कराने की कोशिश कर रही थीं। इसी सिलसिले में उन्होंने कुछ दस्तावेज किसी व्यक्ति को दिए थे। इसके बाद उनके पास लगातार अनजान नंबरों से कॉल आने लगीं।

वीडियो कॉल पर मिला 20 लाख की लॉटरी का लालच

19 अगस्त को अंजली के पास एक वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले युवक ने दावा किया कि उनकी 20 लाख रुपये की लॉटरी लग गई है। इतना ही नहीं, उसने महिला को भरोसा दिलाने के लिए एक चेक भी दिखाया। आरोपी ने कहा कि अगर वह चाहें तो रकम के बदले सफारी कार भी ले सकती हैं।

ये भी पढ़ें- 33 लाख की शराब पर चला JCB, मिर्जापुर पुलिस ने 10 हजार लीटर जहरीली-अवैध शराब की जमींदोज

लॉटरी की बात सुनकर महिला उसके झांसे में आ गईं। साइबर ठग ने पहले लॉटरी की रकम हासिल करने के नाम पर 20 हजार रुपये मांगे। अंजली ने बिना ज्यादा पड़ताल किए ऑनलाइन पैसे भेज दिए।

एक के बाद एक मांगे पैसे

इसके बाद आरोपी ने दोबारा पैसे मांगे। महिला ने 15 हजार रुपये और ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद साइबर ठग की मांग खत्म नहीं हुई। इस बार उसने करीब 35 हजार रुपये और मांगे। इतनी बड़ी रकम जुटाने के लिए अंजली अपने आभूषण लेकर सुनार के पास पहुंच गईं। उन्होंने सुनार से कुछ रुपये उन्हें और बाकी रकम अपने पति के खाते में डालने की बात कही। सुनार को मामला संदिग्ध लगा तो उसने रकम भेजने से पहले अंजली के पति को फोन कर दिया। यहीं से पूरे मामले का राज खुल गया।

बैंक पहुंची तो सामने आई ठगी की सच्चाई

पति को जब लॉटरी और पैसों की मांग के बारे में पता चला तो उन्होंने महिला को समझाया। इसके बाद अंजली बैंक पहुंचीं और अपना खाता चेक किया। खाते में लॉटरी की कोई रकम नहीं आई थी। तब उन्हें समझ में आया कि जिस 20 लाख रुपये की उम्मीद में उन्होंने पैसे भेजे थे, वह सिर्फ साइबर ठगों का जाल था। ठगी का पता चलने के बाद अंजली बेहद परेशान रहने लगीं। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने खाना तक छोड़ दिया था और लगातार तनाव में थीं।

ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: रिश्ते सुधारेंगे NSA अजीत डोभाल, सीमा विवाद पर शी जिनपिंग से करेंगे हाईलेवल बैठक

तनाव में उठाया खौफनाक कदम

शुक्रवार दोपहर अंजली ने कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। लेकिन शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। मामले ने एक बार फिर साइबर ठगी के बढ़ते खतरे को सामने ला दिया है। अनजान कॉल, लॉटरी या इनाम के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहना बेहद जरूरी है।

Location :  Mainpuri

Published :  23 August 2026, 6:04 PM IST

Related News

Advertisement