हिंदी
10 साल के बेटे को धमकाकर भागा पति (Img: AI Generated Image)
Nainital: ओखलकांडा क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। आरोप है कि पति ने डंडे से हमला कर पत्नी की जान ले ली और वारदात के बाद अपने 10 साल के बेटे को धमकाकर फरार हो गया। मासूम को काफी देर तक यह पता ही नहीं चला कि उसकी मां की मौत हो चुकी है।
मामला 21 अगस्त की रात का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, ओखलकांडा क्षेत्र निवासी भीम सिंह का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी डिक्री देवी से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर डंडे से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- न दुश्मनी, न झगड़ा… फिर क्यों मार डाली शिवानी? ‘दीदी’ कहकर बुलाने वाली किशोरियों ने बाथरूम में रची खौफनाक साजिश
घटना के बाद आरोपी ने अपने बेटे को किसी से कुछ नहीं बताने की धमकी दी और अगले दिन सुबह घर से निकलकर फरार हो गया। बच्चा पूरे दिन घर में ही रहा और उसे लगता रहा कि उसकी मां सो रही है। शाम तक जब मां नहीं उठी तो उसने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों को घटना का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेज दिया।
ये भी पढ़ें- दवा लेने बाहर गया था परिवार, लौटते ही सामने आया खौफनाक मंजर… घर में अकेली 25 साल की पूजा की मौत, वजह अब भी राज
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। सीओ भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। उसकी तस्वीर जारी कर आसपास के क्षेत्रों में पंपलेट के माध्यम से भी तलाश की जा रही है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ लगातार कांबिंग अभियान चला रही हैं।
Location : Nainital
Published : 23 August 2026, 5:09 PM IST