ग्रेटर नोएडा में फिर बड़ा क्राइम: कारोबारी के भाई की हत्या का प्रयास, CRPF रोड पर हुई वारदात

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ रोड पर बाइक सवार दो युवकों को वैगनआर कार से टक्कर मारने और फिर उनके ऊपर कार चढ़ाकर हत्या के प्रयास का आरोप लगा है। हादसे में दोनों युवक गंभीर घायल हुए हैं, जबकि एक युवक आईसीयू में भर्ती है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 16 September 2026, 6:16 AM IST
google-preferred

Greater Noida News: जिले में एक बार फिर अपराध से जुड़ा मामला सामने आया है। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र का है, जहां एक वैगनआर कार चालक पर बाइक सवार दो युवकों को पहले टक्कर मारने और फिर दोबारा उनके ऊपर कार चढ़ाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप है। इस वारदात में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से एक युवक आईसीयू में भर्ती है। घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दी गई थी। इसके बाद पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में शिकायत भी दी गई।

क्या है पूरा मामला?

इस मामले में पीड़ित के भाई अभिषेक ने पुलिस को शिकायत दी है। अभिषेक के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे उनका भाई विराट उर्फ अंशुल अपने दोस्त सुमित के साथ बाइक से सीआरपीएफ रोड से सुत्याना गांव की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक वैगनआर कार आई, जिसमें करीब 4-5 लोग सवार थे।

पीड़ित के भाई का आरोप है कि वैगनआर कार चालक ने बाइक के आगे अचानक कट मार दिया। इससे अंशुल की बाइक गिरते-गिरते बची। जब अंशुल ने इसका विरोध किया तो कार में सवार लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए अंशुल और उसका दोस्त वहां से आगे निकल गए।

करीब एक किलोमीटर बाद फिर पीछे पहुंची कार

पीड़ित के भाई ने पुलिस को बताया कि दोनों युवक घटना वाली जगह से आगे निकल गए थे। आरोप है कि करीब एक किलोमीटर दूर जाने के बाद वही वैगनआर कार दोबारा उनके पीछे पहुंची और बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दोनों के सड़क पर गिरने के बाद आरोपियों ने उनके ऊपर कार चढ़ाकर हत्या का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

दोनों युवक गंभीर घायल, एक ICU में भर्ती

कार की टक्कर और कथित तौर पर कार चढ़ाए जाने से दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से अंशुल की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उसे आईसीयू में रखा गया है।

घटना के तुरंत बाद पुलिस को 112 नंबर के माध्यम से सूचना दी गई थी। इसके बाद पीड़ित पक्ष की ओर से ईकोटेक-3 थाने में शिकायत दी गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनके भाई की जान लेने की कोशिश की गई। मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।

Location :  Greater Noida

Published :  16 September 2026, 6:03 AM IST

Related News

Advertisement