एनएचएम संविदा कर्मियों ने उठाई समान कार्य-समान वेतन की मांग, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन का अल्टीमेटम

बलिया में एनएचएम के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 22 September 2026, 5:07 PM IST
google-preferred

Ballia:  राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मिथिलेश कुमार गिरी और जिला महामंत्री शैलेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंप कर मांगें पूरी करने की अपील की है। संगठन ने शासन को तीन अक्टूबर तक का समय देते हुए मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।

संविदा कर्मचारियों ने कहा कि प्रदेश में एक लाख से अधिक एनएचएम संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों से लेकर जिला चिकित्सालयों और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों तक कर्मचारी निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों के समान सुविधाएं और सुरक्षा नहीं मिल पा रही हैं।

ये भी पढ़ें: Mirzapur News: ट्रेन में 6 साल के बच्चे के साथ पकड़ा गया युवक, GRP की तत्परता से टला बड़ा हादसा

दो प्रमुख मांगों पर जोर

संघ ने एनएचएम संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा समान कार्य-समान वेतन को अपनी प्रमुख मांग बनाया है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाए। साथ ही समान कार्य करने वाले संविदा कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान वेतन एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएं। संघ ने चेतावनी दी है कि हड़ताल के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की पूरी जिम्मेदारी शासन- प्रशासन की होगी। संगठन ने मुख्यमंत्री से संविदा कर्मचारियों के हित में संवेदनशीलता एवं दूरदर्शिता के साथ निर्णय लेने की मांग की है।

ये भी पढ़ें: “दर्शन के लिए पहुंचे थे, अचानक गिर पड़े…”: बाबा नीब करोरी के दरबार में पूर्व सैनिक की मौत से मचा कोहराम

छह अन्य मांगें भी रखीं

साथ ही संविदा कर्मियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, ईपीएफ, एचआरए व ग्रेच्युटी का लाभ, रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण नीति लागू करने, सेवाकाल में मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने, आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने तथा नियमित पदों की भर्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत सीटें निर्धारित करने की मांग की गई है।

ये भी पढ़ें: दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन! राजस्व लिपिक से मारपीट पर भड़का कर्मचारी संघ, अधिवक्ता पर कार्रवाई की मांग

अक्टूबर से शुरू होगा आंदोलन

संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि तीन अक्टूबर तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आंदोलन किया जाएगा। जिसमें 5, 6 और 7 अक्टूबर को काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध, 5, 8, 9 और 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन एवं कार्य बहिष्कार और मांगें पूरी नहीं होने अथवा संगठन के राज्य प्रतिनिधिमंडल से सार्थक वार्ता न होने पर 12 अक्टूबर से प्रदेशभर के संविदा कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।

Location :  Ballia

Published :  22 September 2026, 5:07 PM IST

Advertisement