हिंदी
गोली लगने से घायल
Budaun: बदायूं जिले में एक युवक के गोली लगने से घायल होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से ही पूरा प्रकरण रहस्यमय बना हुआ है, क्योंकि घायल की पहचान, पता और वारदात की जगह को लेकर लगातार विरोधाभासी जानकारी सामने आ रही है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है।
कैसे सामने आया मामला...
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक एक गंभीर रूप से घायल युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। युवक के पेट में गोली लगी थी और उसकी हालत बेहद नाजुक थी। जिला अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पहचान पर उठे सवाल...
मामला तब उलझ गया जब घायल के साथ आए युवक ने सरकारी दस्तावेजों में उसकी पहचान को लेकर अलग-अलग जानकारी दी। पहली जानकारी में घायल का नाम रामसच्चे (19) पुत्र जगपाल, निवासी कुरिया, जिला शाहजहांपुर बताया दूसरा बयान में घायल युवक का नाम आतिफ (19) पुत्र विद्रीश, निवासी ग्राम आसपुर, थाना अलापुर बताया गया। दोनों नाम व पते की अलग अलग जानकारी देना संदेह के घेरे की तरफ खींचती है।
गोरखपुर: सहजनवां में स्मार्ट मीटर के नाम पर 500 रुपये की वसूली, ग्रामीणों का प्रदर्शन; जांच की मांग
घटनास्थल भी बदला
पहचान के साथ-साथ घटना स्थल को लेकर भी दो अलग-अलग दावे किए गए। एक बार बताया गया कि वारदात थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मंडी समिति के पास हुई। वहीं दूसरी बार घटनास्थल अलापुर थाना क्षेत्र के दुगानी गांव के पास बताया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घायल युवक के दो नाम, दो पते और दो अलग-अलग घटनास्थल सामने आने के बाद पुलिस का संदेह गहरा गया है। आशंका जताई जा रही है कि मामला आपसी रंजिश, अवैध गतिविधियों या किसी अन्य आपराधिक वारदात से जुड़ा हो सकता है।
फिलहाल सिविल लाइन और अलापुर थाना पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है। घायल के होश में आने के बाद ही घटना की असल सच्चाई सामने आ पाएगी। तब तक दोनों बताए गए घटनास्थलों की फॉरेंसिक जांच और आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
क्या कहते हैं डॉक्टर...
जिला अस्पताल के डाक्टरों ने बताया कि युवक की हालत बेहद गंभीर है। गोली लगने से इंटरनल ब्लीडिंग ज्यादा है, इसलिए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
Location : Badaun
Published : 17 April 2026, 9:09 PM IST
Topics : Badaun News crime news Latest News UP News