हिंदी
पीड़िता ने SSP से लगाई गुहार
Muzaffarnagar: मुज़फ्फरनगर में एक महिला सफाई कर्मचारी ने अपने ही विभाग के सुपरवाइजर पर गंभीर आरोप लगाकर हड़कंप मचा दिया है। पीड़िता का दावा है कि उसे कागज़ जमा कराने के बहाने सुनसान मकान में बुलाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की गई। किसी तरह जान बचाकर भागी महिला अब न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
सुनसान मकान में बुलाकर जबरदस्ती की कोशिश का आरोप
पीड़िता के मुताबिक आरोपी सुपरवाइजर ने उसे फोन कर आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज लेकर आने को कहा। जब वह बताए गए पते पर पहुंची, तो उसे एक बंद मकान के अंदर भेजा गया, जहां आरोपी पहले से मौजूद था और कथित तौर पर शराब के नशे में था। आरोप है कि अंदर पहुंचते ही उसने गलत नीयत से महिला को जबरन अंदर खींचने की कोशिश की। स्थिति भांपकर महिला किसी तरह वहां से निकलकर भागी और अपनी जान बचाई।
थाने में नहीं सुनी गई शिकायत
महिला का आरोप है कि घटना के बाद जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंची, तो उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उसे एक थाने से दूसरे थाने के चक्कर लगवाए गए। इस अनदेखी से परेशान होकर उसने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाने का फैसला किया।
SSP कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
शुक्रवार को पीड़िता अपने दिव्यांग पति के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की शिकायत की। उसने मांग की कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे सुरक्षा प्रदान की जाए।
आर्थिक शोषण के भी आरोप
मामले में आर्थिक शोषण का पहलू भी सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसकी बेटी को नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 70 हजार रुपये लिए थे। एक साल बीत जाने के बावजूद न तो नौकरी मिली और न ही पैसे लौटाए गए।
धमकी और ड्यूटी बदलने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि शिकायत करने के बाद आरोपी ने उसे नौकरी से निकलवाने और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उसकी ड्यूटी बदलकर दूसरे मोहल्ले में लगा दी गई, जिससे उस पर दबाव बनाया जा रहा है।
आरोपी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी तरफ आरोपी सुपरवाइजर दीपक ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि ड्यूटी बदलने से नाराज होकर महिला ने उन पर झूठे आरोप लगाए हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 17 April 2026, 6:48 PM IST
Topics : Crime in Muzaffarnagar News crime news Harassment Case muzaffarnagar news Muzaffarnagar Police