हिंदी
हुदा जरीवाला को पुलिस ने गिरफ्तार किया (Image: Social Media)
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर वायरल पोस्ट और वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने हुदा जरीवाला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सहारनपुर जिलाधिकारी को लेकर आपत्तिजनक के अलावा भड़काऊ टिप्पणी की थी। इस मामले में अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की शिकायत पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हुदा जरीवाला के खिलाफ सोशल मीडिया पर किए गए कथित पोस्ट को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और सोशल मीडिया सामग्री की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पोस्ट किस संदर्भ में किया गया था और इसमें लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं के सहारनपुर दौरे के दौरान हुदा जरीवाला सर्किट हाउस पहुंची थीं। वहां सुरक्षा व्यवस्था के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान उनकी पुलिसकर्मियों से बहस हुई और मौके पर हंगामा भी हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया।
हुदा जरीवाला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर खुद को राजनीतिक विश्लेषक बताया है। उनके प्रोफाइल के अनुसार वह सऊदी अरब के टीवी चैनल-2 की पूर्व न्यूज एंकर, दुबई की पत्रकार, पब्लिक स्पीकर और बीबीसी लंदन की को-कलाकार रह चुकी हैं।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि हुदा जरीवाला के खिलाफ मिली शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी, भड़काऊ बयान या हिंसा को बढ़ावा देने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचना चाहिए। एसपी सिटी ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर गलत या आपत्तिजनक सामग्री डालने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और कथित टिप्पणियों की जांच में जुटी है। साथ ही हुदा जरीवाला के स्थानीय और मूल निवास से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
Location : Saharanpur
Published : 8 September 2026, 6:31 PM IST