हिंदी
Symbolic Photo (Image: Pinterest)
Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा में एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा किया है। बागेन नदी में मिले एक युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का विवाद था। आरोप है कि मृतक बरकत का एक महिला से करीब दो साल से रिश्ता चल रहा था, जिसका महिला के बच्चों ने विरोध किया था। इसी विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि बरकत की हत्या कर दी गई।
पूरा मामला नरैनी थाना क्षेत्र के बरछा गांव का है। पांच सितंबर की सुबह बागेन नदी में एक संदिग्ध हालत में युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान बरकत पुत्र जिलेदार, निवासी नहरी गांव थाना नरैनी के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि शव पर कई जगह चोट के निशान थे, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बांदा के एसपी पलाश बंसल ने जांच के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की और कई साक्ष्यों को जुटाया। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के निजी जीवन से जुड़ी अहम जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, बरकत का थाना क्षेत्र की ही एक करीब 50 वर्षीय महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला तीन बच्चों की मां है। दोनों के बीच करीब दो साल से संबंध होने की बात जांच में सामने आई।
पुलिस के अनुसार, बरकत ड्राइवर का काम करता था। उसकी पत्नी भी उसके व्यवहार से परेशान होकर मायके चली गई थी। इसी दौरान बरकत की महिला से नजदीकियां बढ़ी। जब महिला के बच्चों को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने अपनी मां को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने बरकत से भी दूरी बनाने के लिए कहा, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। पुलिस का दावा है कि बरकत ने महिला के बच्चों को धमकी दी थी कि वे दोनों के रिश्ते के बीच न आएं। आरोप है कि उसने कहा था कि वह ड्राइवर है और जरूरत पड़ने पर गाड़ी चढ़ा देगा। पुलिस के मुताबिक, इसी धमकी के बाद महिला के बेटों ने बरकत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस जांच के मुताबिक, जन्माष्टमी की रात बरकत महिला से मिलने गांव पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह महिला से कुछ पैसे लेने आया था और मोबाइल व सिम को लेकर भी बातचीत होनी थी। इसी दौरान महिला के दोनों बेटे चुनबदा और रामबाबू ने अपने चचेरे भाई अरुण के साथ मिलकर बरकत पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों ने घात लगाकर बांके से हमला किया। हमले में बरकत के गले और चेहरे पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बाइक पर रखा और करीब 20 किलोमीटर दूर ले गए। इसके बाद बाइक समेत शव को नदी के पुल से नीचे फेंक दिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की कोशिश इस वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की थी। हालांकि, शव मिलने के बाद चोट के निशान और घटनास्थल से मिले सबूतों ने पुलिस को हत्या की दिशा में जांच आगे बढ़ाने में मदद की।
जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया आलाकत्ल बरामद किया गया है। इसके अलावा नदी से बाइक भी बरामद कर ली गई है। बांदा के डिप्टी एसपी प्रवीण कुमार ने बताया कि नरैनी पुलिस ने हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Banda
Published : 8 September 2026, 7:31 PM IST