हिंदी
नसीरुद्दीन शाह का बंगाल चुनाव पर बड़ा बयान (Img: X)
New Delhi: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए पश्चिम बंगाल चुनाव और फिल्म संस्थान के छात्रों से जुड़े विवाद का जिक्र किया है। शाह का आरोप है कि भाजपा की विचारधारा से असहमत लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के विद्यार्थियों के साथ हो रहे व्यवहार पर भी सवाल उठाए हैं।
नसीरुद्दीन शाह अपने बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाते हैं। ताजा बयान में उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। शाह ने चुनाव में पार्टी की जीत को लेकर भी सवाल उठाए और दावा किया कि भाजपा उन लोगों से बदला लेने की कोशिश कर रही है, जो उसकी विचारधारा और नीतियों से सहमत नहीं हैं।
ये भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर DM ने परखी EVM-VVPAT की व्यवस्था, सुरक्षित रखरखाव के दिए निर्देश
शाह ने कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों का मामला भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन से जवाब मांगने वाले छात्रों को कारण बताओ नोटिस दिए गए, उन पर निगरानी रखी गई और उन्हें हॉस्टल खाली करने के लिए कहा गया।
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब संस्थान में छात्रों और प्रशासन के बीच तनाव चल रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, संस्थान ने नियमित शैक्षणिक गतिविधियां 13 नवंबर तक स्थगित करने और विद्यार्थियों को 24 घंटे के भीतर हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया था। छात्रों ने इस फैसले का विरोध किया और परिसर में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
नसीरुद्दीन शाह ने अपने बयान में आरोप लगाया कि भाजपा केवल अपने पक्ष में प्रचार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि असहमति जताने वाले लोगों को डराने और प्रभावित करने की कोशिश भी कर रही है।
यह पहली बार नहीं है, जब नसीरुद्दीन शाह ने छात्र आंदोलनों पर अपनी बात रखी है। इससे पहले भी उन्होंने विरोध प्रदर्शन करने वाले युवाओं के समर्थन में बयान दिए थे और प्रदर्शनकारियों के साथ किए गए व्यवहार पर सवाल उठाए थे। शाह ने अपने शिक्षक और अभिनेता के अनुभव का जिक्र करते हुए कहा था कि छात्रों को सिखाने की कोशिश के दौरान उन्होंने खुद भी उनसे काफी कुछ सीखा। उनके मुताबिक, युवाओं के प्रति सहानुभूति रखना और उनकी बात सुनना जरूरी है।
Location : New Delhi
Published : 24 October 2026, 3:43 PM IST