सीतापुर में अवैध खनन की मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ली युवक की जान, वारदात के बाद चालक फरार

सीतापुर के महोली-बड़ागांव ओवरब्रिज पर अवैध खनन की मिट्टी ले जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 September 2026, 4:22 PM IST
google-preferred

Sitapur News: महोली-बड़ागांव ओवरब्रिज पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अवैध खनन कर मिट्टी ले जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

बारिश के पानी के कारण धीमी हुई बाइक, तभी हुआ हादसा

लखीमपुर जिले के पसिगवां थाना क्षेत्र के अभयपुर (मुल्लापुर) गांव निवासी उत्तम कुमार सिंह (35) पुत्र यादवेन्द्र सिंह निजी नौकरी के सिलसिले में बाइक से मिश्रिख थाना क्षेत्र जा रहे थे। सोमवार रात करीब दो बजे जब वह महोली-बड़ागांव ओवरब्रिज के पास नींबू वाली बाग के नजदीक अंडरपास से गुजर रहे थे, तभी सड़क पर बारिश का पानी भरा हुआ था। पानी भरा होने के कारण उत्तम ने बाइक की रफ्तार धीमी कर दी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उत्तम बाइक समेत उछलकर काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले युवक ने तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल उत्तम कुमार को तुरंत महोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उनके पास से आधार कार्ड, बैंक चेक और वोटर आईडी कार्ड मिले। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान हो सकी। इसके बाद पुलिस ने पसिगवां थाना पुलिस के जरिए मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, चालक की तलाश जारी

महोली पुलिस चौकी प्रभारी राम आसरे चौधरी ने बताया कि हादसा रात करीब दो बजे हुआ। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, अवैध खनन कर मिट्टी ले जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में लोगों ने तेज रफ्तार और अवैध खनन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।

Location :  Sitapur

Published :  8 September 2026, 4:22 PM IST

Related News

Advertisement