हिंदी
स्मार्ट मीटर के नाम पर 500 रुपये की वसूली (Img: DN)
Gorakhpur: सहजनवा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत जगदीशपुर के रानीपुर मुस्लिम टोला में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के दौरान कथित अवैध वसूली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को दर्जनों उपभोक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, 11 अप्रैल को विद्युत विभाग के कुछ कर्मचारी गांव में पहुंचे और घर-घर जाकर पुराने बिजली मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने लगे। आरोप है कि इस प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक उपभोक्ता से 500 रुपये की वसूली की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह वसूली बिना किसी रसीद के की गई, जिससे संदेह और बढ़ गया है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे उमानाथ उपाध्याय ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं पर दबाव बनाकर पुराने मीटर काट दिए और जबरन स्मार्ट मीटर लगा दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई घरों में रिचार्ज न होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। खासकर बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
Gorakhpur: रिजल्ट से निराशा बनी मौत की वजह, 10वीं की छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम
ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी सहजनवा, केशरी नंदन तिवारी से की है और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि वसूली अवैध पाई जाती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, साथ ही उपभोक्ताओं से वसूली गई धनराशि वापस कराई जाए।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और पुरुषों ने एक स्वर में कहा कि वे बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं सह सकते। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में आबरून निशा, रुकसाना, सबरून निशा, जैबुन निशा, खुशबून निशा, जायदा, जुबैदा, मुस्तफा, निजामुद्दीन, कमरुद्दीन और बिस्मिल्लाह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 17 April 2026, 6:20 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News UP News UP Police