हिंदी
SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
Gorakhpur: चिलुआताल थाना क्षेत्र के बंजरहा स्थित राप्ती नदी में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नहाने के दौरान तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 2:20 बजे पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवक नदी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों युवक नदी में नहा रहे थे, तभी अचानक गहराई में चले गए और तेज धारा की चपेट में आकर डूब गए।डूबने वाले युवकों की पहचान शिव साहनी (20) निवासी काजीपुर, बंटी यादव (20) और शुभम यादव (22) निवासी बरियारपुर, थाना चिलुआताल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों आपस में परिचित थे और गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने पहुंचे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार राप्ती नदी के इस हिस्से में अचानक गहराई बढ़ जाती है, जिससे अनजान लोग अक्सर हादसे का शिकार हो जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) को बुलाया गया। टीम ने स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हालांकि तेज धारा और अधिक गहराई के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, फिर भी टीम लगातार तलाश में जुटी हुई है।
Gorakhpur: रिजल्ट से निराशा बनी मौत की वजह, 10वीं की छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम
घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा है। तीनों युवकों के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार युवक सामान्य रूप से नहाने गए थे, लेकिन अचानक यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्च ऑपरेशन तेज किया जाए और सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर जल्द से जल्द युवकों का पता लगाया जाए।
पुलिस ने मौके पर पर्याप्त बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और परिजनों को हर संभव सहायता दी जा रही है। यह हादसा एक बार फिर नदी में नहाने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित करता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान और गहरे पानी वाले स्थानों पर नहाने से बचें। फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और सभी की नजरें सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 17 April 2026, 6:34 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News UP News UP Police