हिंदी
नर्सिंग होम विवाद (Img: Google)
Ballia: बलिया में इंसाफ की जंग उस वक्त खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई। जब एक युवक ने सरेआम खुद को आग के हवाले करने की कोशिश कर दी। चंद मिनटों में ही इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इलाके में सनसनी फैल गई। हालात ऐसे बन गए थे कि किसी भी पल बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन पुलिस की तत्परता ने स्थिति को संभाल लिया।
यह पूरा मामला कोतवाली क्षेत्र का है। जहां शुक्रवार को एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को तुरंत हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला 22 मार्च का है। कोतवाली क्षेत्र स्थित अपूर्वा नर्सिंग होम में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिससे मामला तूल पकड़ता गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलिया ने एक जांच टीम गठित की थी। इस टीम ने 14 अप्रैल को अपनी रिपोर्ट विवेचक को सौंप दी। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
दिन में रेकी और रात में करते थे चोरी, बलिया पुलिस ने लाखों रुपये के माल के साथ दबोचे 3 शातिर अपराधी
इसी दौरान मृतका के पति ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की धमकी देना शुरू कर दिया। हालात को देखते हुए एसडीएम सदर ने युवक को धारा 163 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया। क्षेत्राधिकारी नगर ने भी उसके घर जाकर परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
शुक्रवार को युवक ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और बड़ा हादसा होने से टाल दिया।
क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान ने बताया कि युवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
Location : Ballia
Published : 17 April 2026, 5:46 PM IST
Topics : Accident Ballia crime news social media Viral video