नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र, कार्यक्रम में गूंजे विधायक व जिलाधिकारी के संदेश

कलेक्ट्रेट सभागार में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के तहत मुख्य सेविका नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायकगण और जिलाधिकारी ने नवनियुक्त 21 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जानिए डाइनामाइट न्यूज पर पूरी खबर

Maharajganj: महराजगंज के कलेक्ट्रेट सभागार में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में सोमवार को मुख्य सेविका नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिले के नवनियुक्त 21 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में विधायकगण और जिलाधिकारी ने युवाओं को मेहनत और प्रतिभा से सफलता पाने का संदेश दिया।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार कार्यक्रम में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी और जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने संयुक्त रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किए।

विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है। पहले नौकरी पाना युवाओं के लिए कठिन था, क्योंकि भ्रष्टाचार और बिचौलियों का बोलबाला था। लेकिन अब मेहनत और योग्यता ही चयन का आधार है। उन्होंने सेविकाओं को बधाई देते हुए कहा कि आपके कंधों पर देश के नौनिहालों का भविष्य टिका है, इसलिए पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।

सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का माहौल बदला है। अब योग्य युवाओं को उनका असली हक और सम्मान मिल रहा है। पूर्व में प्रतिभाशाली युवाओं को पहचान नहीं मिलती थी, लेकिन अब पारदर्शी प्रक्रिया से अवसर सभी को समान रूप से उपलब्ध हो रहे हैं।

फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं की नियुक्ति से विभाग सुदृढ़ होगा और कार्यप्रणाली में और अधिक मजबूती आएगी।

जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने मुख्य सेविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप अपने कार्यकाल में बच्चों के लिए यशोदा की भूमिका निभाएंगी। इसलिए अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार, संवेदनशील और समर्पित रहें। उन्होंने सेविकाओं से सेवाभाव और लगन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस मौके पर उपस्थित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में गजब का उत्साह देखने को मिला। सभी ने सरकार की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक डीआरडीए रामदरश चौधरी ने किया। इससे पहले अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंटकर किया गया।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, सभी सीडीपीओ, नवनियुक्त मुख्य सेविकाएं व उनके परिजन उपस्थित रहे।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 27 August 2025, 7:29 PM IST