हिंदी
28 लाख रुपये के मोबाइल बरामद फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
महराजगंज: गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में महराजगंज पुलिस ने तकनीक के दम पर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 115 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 28 लाख रुपये है। पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को राहत मिली है, जिनके मोबाइल लंबे समय से गुम थे।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस ने समन्वित प्रयास करते हुए CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से इन मोबाइल फोन का पता लगाया। सभी 115 मोबाइल फोन आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जाहिर की और महराजगंज पुलिस के प्रति आभार जताया।
सात महीने में 743 मोबाइल बरामद, कीमत 2.06 करोड़ रुपये
महराजगंज पुलिस के मुताबिक, पिछले सात महीनों में कुल 743 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 6 लाख रुपये है। लगातार हो रही इस कार्रवाई में CEIR पोर्टल, आधुनिक तकनीकी संसाधनों, सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मोबाइल फोन की बरामदगी से न केवल लोगों की खोई संपत्ति वापस मिल रही है, बल्कि तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से जनसमस्याओं के निस्तारण की दिशा में भी पुलिस को सफलता मिल रही है।
मोबाइल गुम होने पर तत्काल करें शिकायत
महराजगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाएं। इसके साथ ही नजदीकी थाने में भी सूचना दें। पुलिस ने सलाह दी है कि नागरिक अपने मोबाइल का IMEI नंबर, खरीद का बिल और अन्य जरूरी विवरण सुरक्षित रखें, ताकि गुमशुदा मोबाइल की पहचान और बरामदगी में मदद मिल सके।
Location : Maharajganj
Published : 27 October 2026, 4:26 PM IST
Topics : Latest News Maharajganj MaharajganjPolice