

उत्तर प्रदेश सरकार ने अलग-अलग जिलों में तैनात 15 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसमें देवरिया, बदायूं, लखनऊ और मुरादाबाद जैसे जिलों में नवीन तैनाती की गई है। इसकी सूची उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय से जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में बड़ा फेरबदल
Lucknow News: उत्तर प्रदेश से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने अलग-अलग जिलों में तैनात 15 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसमें देवरिया, बदायूं, लखनऊ और मुरादाबाद जैसे जिलों में नवीन तैनाती की गई है। इसकी सूची उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय से जारी की गई है।
डॉ अर्चना सिंह का भी हुआ तबादला
उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन प्रशांत कुमार ने बताया कि महेंद्र सिंह को मुरादाबाद का अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, वह अभी तक मऊ जिले में तैनात थे। डॉ अर्चना सिंह को कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। धर्मेंद्र सचान को अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय लखनऊ भेज दिया गया है। वहीं प्रमोद कुमार यादव को उपसेनानायक 36वीं वाहिनी वाराणसी की जिम्मेदारी दी गई है।
डायल 112 की जिम्मेदारी बदली
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक राजेंद्र प्रसाद यादव को अपर पुलिस अधीक्षक बनाकर सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ भेजा गया है। मोहिनी पाठक को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की जिम्मेदारी दी गई है, वह अभी तक अपर पुलिस अधीक्षक डायल 112 की जिम्मेदारी निभा रही थी। इसके अलावा अनूप कुमार को मऊ जिले का अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। रंजन सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस/ स्टाफ ऑफिस कार्यालय महानिरीक्षक (स्थापना) मुख्यालय बनाकर भेजा है।
इनके भी हुए तबादले
अभय कुमार सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिनिष्ठ उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। अशोक कुमार यादव को अपर पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यूए की जिम्मेदारी दी गई है। कृष्णकांत सरोज को अपर पुलिस अधीक्षक क्षेत्रीय अभी सूचना मेरठ की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ राजीव कुमार सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है।
हृदयेश का भी ट्रांसफर
गौतमबुद्ध नगर जिले में लंबे समय तक रहे हृदयेश को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बदायूं बनाया गया है। राहुल मिश्रा को अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) देवरिया की जिम्मेदारी दी गई है और अरविंद कुमार वर्मा फर्स्ट को अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के साथ मुख्यालय पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।