हिंदी
फतेहपुर: कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बड़ौरी टोल प्लाजा के पास शुक्रवार रात 11 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। रसोई गैस सिलेंडर से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा पर खड़े 6 वाहनों से टकरा गया।
हादसे में 6 लोग घायल
टक्कर में टोल मैनेजर शारदा प्रसाद समेत 6 लोग घायल हो गए। घायलों में डीसीएम चालक सुरेंद्र कुमार, फतेहाबाद निवासी संजय शर्मा और उनकी पुत्री सानवी भी शामिल हैं। बुलंदशहर के शिकारपुर निवासी विजय कुमार को भी चोटें आई हैं। डीसीएम चालक को गंभीर चोट लगने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया।
ट्रक ने कई वाहनों को रौंदा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सबसे पहले डीसीएम में टक्कर मारी। इसके बाद उसने तीन कारों और दो बोलेरो को भी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक टोल बैरियर तोड़ते हुए प्लाजा से जा टकराया।
पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ा
हादसे के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। एंबुलेंस देर से पहुंची, जिससे कल्याणपुर थाना प्रभारी विनोद मिश्र ने अपनी गाड़ी से घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने ट्रक चालक रामानंद यादव को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में चालक ने ब्रेक फेल होने की बात कही है। हादसे की वजह से टोल प्लाजा पर करीब 15 मिनट तक जाम लगा रहा।
Published : 22 February 2025, 6:22 PM IST
Topics : Accident Accident in Fatehpur barauri toll plaza Dynamite News Fatehpur Fatehpur Police Kanpur Prayagraj Highway lpg cylinder truck accident Road Accident six vehicles collided