फतेहपुर में आशा बहू भर्ती में धांधली का आरोप, जानिये पूरा मामला

फतेहपुर जिले में आशा बहू भर्ती में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगा है। मामला अब जिलाधिकारी के पास पहुंच गया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 13 February 2025, 7:50 PM IST
google-preferred

फतेहपुर: जिले में आशा बहू भर्ती में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगा है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन वार्ड नंबर 30 की निवासी विधवा महिला शशि श्रीवास्तव पत्नी स्व. स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव और प्रियंका देवी ने गुरुवार को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शिकायत की है कि नगर क्षेत्र में निकली भर्ती में अपात्र उम्मीदवारों को पैसे लेकर चयनित कर लिया गया, जबकि योग्य और प्राथमिकता पाने वाले आवेदकों को अनदेखा कर दिया गया। 

क्या है मामला?  
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय द्वारा आशा बहू भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी। इसमें स्पष्ट रूप से कहा गया था कि विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या पति से अलग रह रही महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस नियम के आधार पर शशि व प्रियंका ने आवेदन किया और सभी औपचारिकताएं पूरी कीं। उनका आवेदन स्वीकार भी कर लिया गया, लेकिन बाद में नियमों को ताक पर रखकर कथित रूप से रिश्वत लेकर अपात्र उम्मीदवार को चयनित कर लिया गया।

नहीं हुई सुनवाई  
पीड़िता का कहना है कि उसने CMO समेत अन्य अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार, मजबूर होकर उन्होंने डीएम फतेहपुर को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। 

महिलाओं ने मांग की है कि सिविल लाइन वार्ड नंबर 30 में चयनित अपात्र उम्मीदवारों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और योग्य उम्मीदवारों का ही चयन किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी से उम्मीद जताई है कि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी और भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हालांकि, जिलाधिकारी को भेजी गई शिकायत के बाद मामले की जांच की संभावना बढ़ गई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो भर्ती प्रक्रिया रद्द हो सकती है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है।

Published : 
  • 13 February 2025, 7:50 PM IST