Weather Update: दिल्ली-NCR में धुंध, यूपी-बिहार में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार, जानें कितना रहेगा न्यूनतम तापमान

नवंबर की शुरुआत के साथ ही दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने 2 से 6 नवंबर तक कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिल्ली, राजस्थान, यूपी, बिहार और पहाड़ी राज्यों में तापमान तेजी से गिरेगा और ठंड बढ़ेगी।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 2 November 2025, 7:47 AM IST
google-preferred

New Delhi: उत्तर भारत में अब ठंड ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी है। दिल्ली-NCR में तापमान गिरना शुरू हो गया है और हवा में ठंडक बढ़ गई है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 2 से 6 नवंबर तक कई राज्यों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इस चार दिन की बारिश से तापमान में तेजी से गिरावट आएगी और दिल्ली से लेकर राजस्थान तक कड़ाके की ठंड महसूस होने लगेगी।

दिल्ली में बढ़ेगी ठंड

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस वक्त प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक बना हुआ है। हवा में धुंध और स्मॉग के कारण दृश्यता प्रभावित है और लोग मास्क लगाकर घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिनभर हल्की धुंध बनी रहेगी और दोपहर तक आसमान साफ हो जाएगा।
7 नवंबर से दिल्ली में ठंड और तेज हो जाएगी और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

weather update

दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट

कहां और कब होगी बारिश?

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए जिन राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, वे हैं:

  • 2 नवंबर: गुजरात – गरज के साथ बिजली और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं।
  • 3 नवंबर: पश्चिमी राजस्थान – गरज-बिजली के साथ हल्की बारिश।
  • 3–4 नवंबर: पूर्वी राजस्थान – गरज-बिजली के साथ बारिश।
  • 4 नवंबर: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद – तेज हवाएं (40–50 किमी/घंटा) और बारिश।
  • 4–5 नवंबर: मध्य महाराष्ट्र – गरज-बिजली के साथ बारिश।
  • 5 नवंबर: कोंकण और गोवा – गरज-बिजली के साथ बारिश।
  • 4–6 नवंबर: उत्तर-पश्चिम भारत (हिमालयी क्षेत्र सहित) – हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना।

Weather Update: दिल्ली-NCR में ठंड ने दी दस्तक, हवा में बढ़ा जहर; जानें आज का मौसम और AQI अपडेट

यूपी और बिहार में बदलता मौसम

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश अब रुकने लगी है। चक्रवात मोंथा का असर कम हो गया है, और 2 नवंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, 3 नवंबर को कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी संभव है।
बिहार में बारिश के बाद तापमान में 2 से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पटना, दरभंगा, किशनगंज और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में सुबह-शाम की ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से बारिश थमेगी लेकिन ठंडी हवाएं और बादल बने रहेंगे, जिससे सिहरन का असर जारी रहेगा।

पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। 4 और 5 नवंबर को जोशीमठ, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। तापमान में गिरावट के साथ ही इन इलाकों में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद भी बढ़ेगी।

Uttarakhand Weather Update: पहाड़ों में बढ़ेगी ठंड, मैदानों में बदलेगा मिजाज; जानें कब गिरेगा तापमान?

ठंड के साथ बढ़ेगी हवा की गुणवत्ता में गिरावट

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद तापमान में गिरावट के साथ हवा और ठंडी होगी, लेकिन ठंड के शुरुआती दिनों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है। खासतौर पर दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता “गंभीर श्रेणी” में रहने की आशंका है।

उत्तर भारत में मौसम का यह बदलाव सर्दियों के आगमन का संकेत है। अगले हफ्ते से दिल्ली से लेकर कश्मीर तक ठंड अपने चरम पर पहुंचने की संभावना है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 2 November 2025, 7:47 AM IST