सिस्टम की कमजोर नींव या हादसा? रांची के निर्माण स्थल पर बड़ी लापरवाही, मलबे से मिली लाशें, जानिए कहां हुई बड़ी चूक

रांची के जिला स्कूल परिसर में पुरानी पानी टंकी ढहाते वक्त बड़ा हादसा हो गया। टावर अचानक गिरने से मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन को बचा लिया गया। NDRF ने रेस्क्यू चलाकर शव बाहर निकाले। प्रशासन जांच में जुटा।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 10 September 2026, 9:35 AM IST
google-preferred

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम एक खौफनाक मंजर की गवाह बनी। जिला स्कूल परिसर में पुरानी पानी टंकी को तोड़कर नया ढांचा तैयार करने की योजना चल रही थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह पुरानी इमारत मौत का बुलावा साबित होगी।

शाम करीब छह बजे जब मजदूर अपने काम में लगे थे, तभी जर्जर हो चुका पानी टंकी का टावर भरभराकर गिर पड़ा। धमाके जैसी आवाज के साथ पूरा ढांचा मलबे के ढेर में तब्दील हो गया और वहां काम कर रहे पांच मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। मलबे के ऊपरी हिस्से से तीन मजदूरों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया।

झारखंड: “कल तक आवाज हमारे बीच थी” सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से टूटे हेमंत सोरेन, बोले- भैया का जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति

हालांकि, दो मजदूर मलबे के भारी-भरकम स्लैब के नीचे गहराई में फंस गए। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ एएसपी निखिल राय तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में एक मजदूर का शव मलबे से फौरन निकाल लिया गया, लेकिन दूसरे मजदूर की तलाश में काफी समय लगा।

मलबे को चीरकर निकाला गया दूसरा शव

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 9वीं बटालियन एनडीआरएफ की एक्सपर्ट टीम को तुरंत बुलाया गया। एनडीआरएफ कमांडेंट मोहम्मद सलीम रईम के नेतृत्व में बचाव दल ने आधुनिक उपकरणों की मदद से कंक्रीट के बड़े टुकड़ों को हटाना शुरू किया।

घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने मलबे के नीचे दबे दूसरे मजदूर के शव को खोज निकाला। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।

झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, JMM के बड़े नेता के जाने से सियासी गलियारों में शोक

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों और तकनीकी लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इतने बड़े और भारी ढांचे को गिराते समय क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि टावर ढहाने की प्रक्रिया में कहां चूक हुई, इसकी गहराई से पड़ताल की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ranchi

Published :  10 September 2026, 9:35 AM IST

Advertisement