हिंदी
लैंडिंग करते समय टकराए दो हेलीकॉप्टर (File Photo)
काठमांडू: नेपाल में माउंट एवरेस्ट क्षेत्र के पास मंगलवार सुबह बड़ा विमानन हादसा हो गया। सोलुखुम्बु जिले के फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि एक वरिष्ठ पायलट और न्यूजीलैंड का एक नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों हेलीकॉप्टर फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों हेलीकॉप्टर एक रेस्क्यू मिशन के लिए फेरिचे पहुंचे थे। लैंडिंग के दौरान उनके रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
नेपाल पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे हुआ। फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर माउंट एवरेस्ट क्षेत्र के फेरिचे हेलीपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए।
टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। नेपाल की सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAAN) के मुताबिक, दोनों हेलीकॉप्टर एक रेस्क्यू मिशन के सिलसिले में इलाके में पहुंचे थे। हादसे के बाद स्थानीय अधिकारियों और बचाव दल ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले विदेशी नागरिक की पहचान वसंत कुमार के रूप में हुई है। वह भारतीय ट्रैकर और पर्यटक थे तथा फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, एयर डायनेस्टी के वरिष्ठ कैप्टन रवींद्र प्रजापति और न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल भेजा गया।
हादसे के समय फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर को कैप्टन प्रज्ज्वल केसी उड़ा रहे थे, जबकि एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर की कमान कैप्टन रवींद्र प्रजापति के हाथों में थी।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कैप्टन रवींद्र प्रजापति इस दुर्घटना में घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। शुरुआती पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, घायल व्यक्ति को प्रभु हेलीकॉप्टर के जरिए लुकला ले जाने की जानकारी सामने आई थी। बाद की जानकारी में गंभीर रूप से घायल कैप्टन रवींद्र प्रजापति और न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश किशन को काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाए जाने की पुष्टि की गई है।
फिलहाल नेपाल के विमानन अधिकारी हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं।
Location : Nepal
Published : 3 November 2026, 10:30 AM IST
No related posts found.