

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि वह जीएसटी की नई दरों पर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। 22 सितंबर से 12% और 28% स्लैब हटाकर 5% और 18% की नई दरें लागू होंगी, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी।
PM Modi का संबोधन आज
New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब 22 सितंबर से जीएसटी (GST) की नई दरें लागू होने जा रही हैं। हालांकि, पीएम मोदी किस मुद्दे पर बोलेंगे, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि उनका संबोधन मुख्य रूप से जीएसटी सुधारों पर केंद्रित हो सकता है।
3 सितंबर 2025 को हुई जीएसटी परिषद की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। इसमें 12% और 28% वाले टैक्स स्लैब को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। इसके बदले अब केवल 5% और 18% के दो स्लैब ही रहेंगे। यह नई व्यवस्था 22 सितंबर से लागू हो जाएगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि यह बदलाव आम जनता को राहत देने और कर प्रणाली को सरल बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
सरकार का दावा है कि नई टैक्स व्यवस्था से न सिर्फ कर का बोझ कम होगा, बल्कि इससे व्यापारियों और उपभोक्ताओं को भी सुविधा होगी। जीएसटी की पुरानी दरों को लेकर काफी समय से आलोचना हो रही थी, खासकर उच्च स्लैब (28%) को लेकर। अब इसे हटाकर सरकार ने संकेत दिया है कि वह टैक्स प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सरल बनाना चाहती है।
पीएम मोदी लंबे समय से ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों को बढ़ावा देते आ रहे हैं। उनका संबोधन इन मुद्दों को भी छू सकता है, खासकर जब नई टैक्स दरें देश के छोटे और मझोले व्यापारियों को राहत देने की दिशा में एक कदम मानी जा रही हैं।
कौन हैं Mithun Manhas? जो संभाल सकते हैं BCCI की बागडोर, 28 सितंबर को होगा ऐलान
देश को इस समय वैश्विक आर्थिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पीएम मोदी अपने संबोधन में अंतरराष्ट्रीय हालात और भारत की आर्थिक स्थिति पर भी बात कर सकते हैं।
जीएसटी की नई दरें नवरात्रि के पहले दिन से लागू हो रही हैं, जो एक शुभ अवसर माना जाता है। संभव है कि पीएम मोदी इसी को ध्यान में रखते हुए आज संबोधन के जरिए देशवासियों को नई व्यवस्था की जानकारी दें और भविष्य की दिशा का संकेत दें।