Punjab Road Accident: श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, आधा दर्जन लोगों की मौत

फतेहगढ़ साहिब में बैसाखी मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस हादसे का शिकार हो गई। बस पलटने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 घायल हैं। हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ बताया जा रहा है। घायलों का इलाज जारी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 15 April 2026, 9:26 AM IST
google-preferred

Fatehgarh Sahib: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं से भरी एक बस पलट गई। इस हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

बैसाखी मेले से लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे, जो श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित बैसाखी मेले से वापस लौट रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक बस में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया।

तकनीकी खराबी के बाद हुआ हादसा

यह हादसा गांव हिम्मतपुरा के पास हुआ, जहां बस अनियंत्रित होकर पहले एक बिजली के खंभे से टकराई और फिर पलट गई। बस में सवार यात्रियों का कहना है कि बस पलटने के बाद उसमें करंट फैल गया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

मौके पर मचा हड़कंप

हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंच गए।

Delhi News: रोहिणी की झुग्गियों में आग का तांडव, जिंदा जले दंपति और बेटी, जानिये पूरा अपडेट

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती

घायलों को तुरंत उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। 12 घायलों को मोरिंडा और 9 को फतेहगढ़ साहिब के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों ने संभाली स्थिति

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बस सवार लोग रात में खाना खाने के बाद यात्रा पर निकले थे। दुर्घटना होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने आरोप लगाया कि एंबुलेंस देर से पहुंची, जिससे शुरुआती राहत कार्य में दिक्कत आई।

J&K Police: पाकिस्तानी और एक बड़ा नेटवर्क… आखिर पंजाब और कश्मीर के बीच क्या है यह खतरनाक कनेक्शन?

प्रशासन ने शुरू की जांच

हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बस को घटनास्थल से हटाकर साइड में कर दिया गया है और तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया भी आई सामने

इस घटना पर बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Location :  Fatehgarh Sahib

Published :  15 April 2026, 9:26 AM IST

Advertisement