हिंदी
सपा-कांग्रेस के संयुक्त धरने में अचानक मचा बवाल (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar : दिल्ली में सपा और कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार रात मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित महावीर चौक पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था। इसी बीच एक युवक के पहुंचने से माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धरना स्थल पर पहुंचे एक अज्ञात युवक ने प्रदर्शन का विरोध करना शुरू कर दिया। युवक की टिप्पणियों से प्रदर्शन में मौजूद कुछ कार्यकर्ता नाराज हो गए और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख युवक वहां से निकलने की कोशिश करने लगा, लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।
आरोप है कि युवक को पकड़ने के बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई कर दी। वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर युवक को भीड़ से बाहर निकाला और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जानकारी में युवक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई है, जिसकी जांच की जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ कार्यकर्ता युवक के पीछे दौड़ते और उसे पकड़ने के बाद मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मुजफ्फरनगर के एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था और पुलिस ट्रैफिक व कानून-व्यवस्था संभाल रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा और कुछ ऐसी बातें कही, जिससे प्रदर्शनकारी उत्तेजित हो गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और घायल युवक को अस्पताल भेजा। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई और धरना शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त कराया गया।
यूपी के शिक्षकों के लिए गुड न्यूज़, सरकार करने जा रही है बड़ा काम; लाखों टीचर्स को मिलेगी राहत
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, मौके पर मौजूद लोगों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 22 July 2026, 9:42 AM IST
Topics : Congress Muzaffarnagar Samajwadi Party