हिंदी
रोहिणी में भीषण आग (Img- Internet)
New Delhi: राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां झुग्गियों में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी करीब दो साल की मासूम बेटी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 1:25 बजे बुद्ध विहार क्षेत्र में लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की झुग्गियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीनों सदस्य झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, जिस स्थान पर आग लगी वह करीब 400 वर्ग गज का प्लॉट था, जहां प्लास्टिक स्क्रैप का ढेर लगा हुआ था और उसके आसपास झुग्गियां बनी हुई थीं। इलाके की संकरी गलियों के कारण दमकल की बड़ी गाड़ियां सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं, जिससे आग बुझाने में काफी देरी हुई और नुकसान बढ़ गया।
भीषण गर्मी का अलर्ट: दिल्ली-UP में लू का कहर, एक हफ्ते तक नहीं मिलेगी राहत
दमकल और पुलिस की टीम ने मौके से तीनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस, बिजली विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां भी मौजूद रहीं। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा है।
दमकल अधिकारी अजय शर्मा के अनुसार, झुग्गियों के बीच जमा प्लास्टिक और कबाड़ में आग लगने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन शुरुआती जांच में आग के तेजी से फैलने की वजह ज्वलनशील सामग्री को माना जा रहा है।
इससे पहले 12 अप्रैल को राजघाट बस डिपो के पास झाड़ियों में भी भीषण आग लग गई थी। उस दौरान दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था और करीब चार से पांच किलोमीटर के क्षेत्र में फैली आग पर काबू पाया गया था।
“ब्राह्मण DMK से दूर रहें…” दिल्ली विधानसभा को फिर से बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल ने बढ़ाई सनसनी
दमकल अधिकारियों ने बताया कि राजघाट इलाके में गहरी खाई और घने जंगल जैसी परिस्थितियों के कारण आग बुझाने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हालांकि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया और किसी बड़े नुकसान से बचाव हो सका।
फिलहाल रोहिणी हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट पर है और ऐसे इलाकों में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखें, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Location : New Delhi
Published : 15 April 2026, 8:28 AM IST