हिंदी
बरेली में ABVP का अनोखा प्रदर्शन
Bareilly: कालेज में एनरोलमेंट नंबर नहीं मिलने से छात्रों में आक्रोश है। छात्रों की इसी परेशानी को लेकर शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। प्राचार्य कार्यालय पहुंचे छात्रों को जब काफी देर इंतजार के बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला तो उन्होंने प्राचार्य समेत तीन कुर्सियों पर लापता के पोस्टर चस्पा कर दिए।
मामला यहीं नहीं रुका, आक्रोशित कार्यकर्ता प्राचार्य की कुर्सी उठाकर कार्यालय से बाहर ले आए और जमकर नारेबाजी की।
एबीवीपी कॉलेज इकाई अध्यक्ष सत्यम गुर्जर के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं का कहना था कि एनरोलमेंट नंबर के अभाव में कई विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि करीब आने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में छात्रों को डर है कि कहीं उनका साल बर्बाद न हो जाए। कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन पर छात्रों की समस्या को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
छात्र और कार्यकर्ता अपनी शिकायत लेकर प्राचार्य कार्यालय पहुंचे, लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद उप प्राचार्य और चीफ प्रॉक्टर के कार्यालय में भी तलाश की गई, लेकिन वहां भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिले। इससे छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया।
कार्यकर्ताओं ने कागज पर लापता लिखकर प्राचार्य और पास में रखी दो अन्य कुर्सियों पर चस्पा कर दिया। इसके बाद कॉलेज परिसर में जमकर नारेबाजी हुई। हंगामे के दौरान प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य डॉ. नीरज पाल मलिक ने कार्यकर्ताओं को समझाने और शांत कराने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य की कुर्सी कार्यालय से बाहर निकालकर रख दी। कॉलेज परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
मामला बढ़ता देख उप प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा ने फोन पर कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि एनरोलमेंट नंबर की समस्या से प्रभावित सभी विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म भरवाने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, डॉ. नीरज पाल मलिक ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़वाने का भरोसा दिया।
रायबरेली में आराधना मिश्रा का जोरदार स्वागत, प्रमोद तिवारी ने किया यूपी में परिवर्तन का दावा
अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रदर्शन के दौरान महानगर सहमंत्री कुनाल मिश्रा, इकाई मंत्री सलोनी यादव, नितिन मिश्रा, हर्ष राजपूत, लक्की शर्मा, अंश गंगवार, अंकिता और विनोद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Bareilly
Published : 25 October 2026, 12:08 AM IST