सोनम वांगचुक का हाल पूछने देर रात मेदांता अस्पताल पहुंचे जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह

NEET पेपर लीक पर 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक को हाईकोर्ट के आदेश पर मेदांता ICU में शिफ्ट किया गया। देर रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने उनसे मुलाकात की। डॉ. सुशीला कटारिया की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

Updated : 22 July 2026, 9:41 AM IST
google-preferred

New Delhi: NEET पेपर लीक मामले में 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य बिगड़ने के बीच अब एक बड़ा राजनीतिक मोड़ देखने को मिला है। दिल्ली हाईकोर्ट के कड़े आदेश के बाद उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह खुद उनसे मिलने पहुंचे। सरकार की इस पहल को वांगचुक के अनशन और सड़क से लेकर संसद तक मचे घमासान के बीच एक अहम बातचीत के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

सड़क से संसद तक संग्राम, मेदांता अस्पताल पहुंची राजनीतिक हलचल

NEET पेपर लीक का मुद्दा अब अत्यंत गंभीर रूप ले चुका है। जंतर-मंतर पर सीजेपी का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी सहित विपक्ष के दिग्गज नेताओं ने संसद भवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया है। राजधानी में मंगलवार देर रात तक चली इस राजनीतिक गहमागहमी के बीच सरकार ने सोनम वांगचुक से संपर्क साधने का कदम उठाया। मंत्रियों की मेदांता यात्रा से इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि सरकार अब इस संवेदनशील गतिरोध को सुलझाने के पक्ष में है।

यह भी पढ़ें- ‘छात्रों के लिए जूता गंवाना भी मंज़ूर’, रिहाई के बाद भी नहीं थमी राहुल गांधी की शिक्षा क्रांति, जानें क्या है उनकी 3 बड़ी मांगें

हाईकोर्ट का दखल: पत्नी की याचिका पर मिला 'पसंद के अस्पताल' का अधिकार

सोनम वांगचुक का मेदांता अस्पताल में ट्रांसफर दिल्ली हाईकोर्ट के एक स्पष्ट निर्देश के बाद हुआ। वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने याचिका दायर कर सफदरजंग अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेदांता में शिफ्ट करने की मांग की थी। हाईकोर्ट ने मौलिक अधिकारों का हवाला देते हुए कहा कि मरीज को उसकी पसंद के अस्पताल में इलाज की सुविधा देना संविधान के अनुच्छेद 19 और 21 के तहत प्राप्त मौलिक अधिकारों की रक्षा करना है।

ICU में डॉक्टरों की विशेष टीम की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

सफदरजंग अस्पताल ने वांगचुक को शाम 6:40 बजे डिस्चार्ज कर सभी मेडिकल दस्तावेज मेदांता की टीम को सौंप दिए। डिस्चार्ज के वक्त उनके महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेत स्थिर थे, लेकिन सीरम पोटेशियम लेवल 3.4 mEq/L था और 'पैनसाइटोपेनिया' की समस्या बनी हुई थी।

यह भी पढ़ें-Protest in Lucknow: अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के खिलाफ लखनऊ में बवाल, कई सपा नेता हिरासत में

कड़ी सुरक्षा के बीच शाम लगभग 7:30 बजे एम्बुलेंस से मेदांता लाए जाने के बाद सोनम वांगचुक को ICU 8 में रखा गया है। वहां इंटरनल मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ सुशीला कटारिया के नेतृत्व में डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम उनके स्वास्थ्य पर पल-पल नज़र बनाए हुए है। वांगचुक की मौजूदगी को देखते हुए अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

Location :  New Delhi

Published :  22 July 2026, 9:41 AM IST

Related News

Advertisement