पेंशन बंद होने का डर दिखाकर लूटी थी गाढ़ी कमाई, जानिए कैसे गोरखपुर पुलिस ने साइबर ठगों के मंसूबे किए पस्त

गोरखपुर की चिलुआताल पुलिस और साइबर सेल ने सीनियर सिटीजन कार्ड व पेंशन का झांसा देकर सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी से हुई 5.63 लाख की ठगी में बड़ी सफलता पाई है।

Gorakhpur: पेंशन बंद होने और सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने का झांसा देकर सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी से की गई साइबर ठगी के मामले में चिलुआताल पुलिस और साइबर सेल की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित के छह बैंक खातों से ठगी गई रकम में से 5,57,001 रुपये वापस करा दिए गए। न्यायालय के आदेश के बाद यह धनराशि पीड़ित के खाते में लौटाई गई।

छह बैंक खातों से उड़ाए थे 5.63 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार, पीड़ित सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी ने थाना चिलुआताल में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि साइबर ठगों ने पेंशन बंद होने तथा सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने के नाम पर उनसे संपर्क किया। जालसाजों ने विभिन्न प्रक्रियाओं का झांसा देकर उनके छह बैंक खातों से कुल 5,63,001 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।

यह भी पढ़ें - Gorakhpur: भक्ति के साथ मानवता का संदेश, निराश्रित बुजुर्गों को भोजन कराकर खजनी थाने में शुरू हुआ उत्सव

साइबर सेल ने समय रहते रकम कराई होल्ड

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण में चिलुआताल पुलिस ने साइबर सेल के सहयोग से तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित धनराशि को समय रहते होल्ड कराया। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर पीड़ित को चरणबद्ध तरीके से रकम वापस कराई गई।

तीन चरणों में लौटाई गई रकम

पुलिस के मुताबिक, 14 जनवरी 2026 को 1,62,872.83 रुपये, 2 फरवरी 2026 को 1,85,128.17 रुपये तथा 5 सितंबर 2026 को 2,09,000 रुपये पीड़ित को वापस कराए गए। इस प्रकार कुल 5,57,001 रुपये की धनराशि वापस मिलने से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।

यह भी पढ़ें - Gorakhpur: पानी-पानी हुए गांवों का हाल जानने निकले एडीएम, राहत इंतजामों की हुई पड़ताल

पुलिस ने लोगों से की साइबर ठगी से बचने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पेंशन, बैंक खाते, सीनियर सिटीजन कार्ड अथवा किसी सरकारी योजना के नाम पर फोन करने वाले अज्ञात लोगों को बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, एटीएम अथवा अन्य गोपनीय विवरण न दें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर अपराध पोर्टल या पुलिस को सूचना दें।

इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई

बरामदगी टीम में निरीक्षक फिरोज अहमद, उपनिरीक्षक एवं साइबर नोडल सच्चिदानन्द पाण्डेय, कांस्टेबल विवेक चौरसिया और कांस्टेबल पंकज कुमार पाण्डेय शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 September 2026, 7:34 PM IST

Related News

Advertisement