हिंदी
हापुड़ हाईवे पर सुबह-सुबह बिछी लाशें (Img- Dynamite News)
Hapur: हापुड़ में शनिवार को दिन निकलते ही बड़ा हादसा देखने को मिला। सुबह दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया। बागड़पुर फ्लाईओवर के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया।
हादसा इतना भयावह था कि ट्रॉली पर सवार तीन लोग सड़क पर जा गिरे। मौके पर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। तीसरे घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक हादसा बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे (एनएच-09) पर बागड़पुर फ्लाईओवर के पास शनिवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली हापुड़ से अमरोहा की ओर जा रही थी, जिसमें तीन लोग सवार थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया।
हापुड़ में ‘हम दिल दे चुके सनम’ जैसी कहानी, सुहागरात पर दुल्हन बोली- हाथ लगाया तो हत्या करा दूंगी
हादसे में ट्रॉली पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में अमरोहा के नूरी निवासी 45 वर्षीय आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुबारक नागली निवासी 44 वर्षीय कामिल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में डिडौली थाना क्षेत्र के पतई निवासी मेहराज घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया तथा एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। इसके बाद क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और पिकअप को सड़क से हटवाया गया, जिससे यातायात को दोबारा सामान्य कराया जा सका।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Hapur
Published : 18 July 2026, 10:02 AM IST
Topics : Hapur News Road Accident UP Breaking News UP News