हिंदी
UBT नेता प्रदीप पूर्णेकर (Img- X)
Mumbai: महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कपूरबावड़ी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले मनपाड़ा/मनोरमा नगर इलाके में अज्ञात हमलावरों ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के स्थानीय नेता प्रदीप पूर्णेकर पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावरों ने उनके दफ्तर के ठीक सामने उन पर अंधाधुंध दो राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। गंभीर रूप से घायल पूर्णेकर को तुरंत घोड़बंदर रोड स्थित इन्फिनिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
स्थानीय स्तर पर 'बालू' के नाम से लोकप्रिय प्रदीप पूर्णेकर ठाणे में शिवसेना (UBT) के विभाग प्रमुख थे और पूर्व सांसद राजन विचारे के बेहद करीबी माने जाते थे। पूर्णेकर काफी समय से मनपाड़ा और मनोरमा नगर इलाके में अवैध निर्माणों और स्थानीय नागरिक समस्याओं के खिलाफ मजबूती से आवाज उठा रहे थे।
वह 'एकता गांव बचाओ कृति समिति' से जुड़कर एक कथित अवैध पार्किंग टॉवर का कड़ा विरोध कर रहे थे और इसके खिलाफ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की तैयारी में थे। चौंकाने वाली बात यह है कि इस विरोध प्रदर्शन से जुड़ा एक पुलिस नोटिस उन्हें हत्या से ठीक एक दिन पहले यानी सोमवार को ही मिला था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की वरिष्ठ टीमें मौके पर पहुंचीं और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। फिलहाल हत्या का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता, निजी दुश्मनी और उनके द्वारा उठाए जा रहे अवैध निर्माण विरोधी मुद्दों समेत हर पहलू से जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक उनके सामाजिक-राजनीतिक अभियानों और इस हत्या के बीच सीधा संबंध साबित नहीं हुआ है।
वारदात के बाद हमलावरों का सुराग लगाने के लिए ठाणे पुलिस ने पूरे शहर के मुख्य निकास द्वारों पर कड़ी नाकाबंदी कर दी है। पुलिस टीमें घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Location : Mumbai
Published : 30 September 2026, 9:17 AM IST