

इटावा मे देर रात गर्भवती महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की यह रिपोर्ट
महिला ने फांसी लगाकर दी जान
इटावा: जिले के थाना संहसो क्षेत्र के गांव बल्लो की गढ़िया में रविवार रात एक दुखद घटना सामने आई। यहां 19 वर्षीय रमा देवी पत्नी रवि सिंह राजावत ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, रमा देवी चार माह की गर्भवती थी। यह घटना उस समय सुर्खियों में आई जब परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज और मानसिक यातना का आरोप लगाया। खासकर दो महीने पहले मंगलसूत्र खोने के बाद से सास-ससुर ने उससे ताने मारने शुरू कर दिए थे।
साड़ी से फंदा लगाकर की आत्महत्या
ससुरालियों के अनुसार, रमा देवी रात लगभग 11 बजे साड़ी पहनकर बाथरूम जाने का बहाना बनाकर छत से नीचे उतर गई। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो उसकी सास निर्मला देवी ने नीचे जाकर देखा तो रमा कमरे में साड़ी के फंदे से लटकी मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। रविवार सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
परिजनों ने लगाया आरोप
रमा देवी के देवर दिनेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि मृतका का पति रवि सिंह राजावत वंदे भारत एक्सप्रेस में पेंट्रीकार के पद पर कार्यरत हैं और हाल ही में छुट्टी पर घर आए थे। परिजनों का कहना है कि रमा झाड़-फूंक और टोने-टोटके के चक्कर में रहती थी। उसकी सास-ससुर का दावा है कि बहू पर कोई बुरा साया आ गया था, इसी वजह से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के ताऊ मुकेश सिंह और भाई नितिन सिंह ने बताया कि लगभग दो माह पहले रमा का मंगलसूत्र कहीं गिर गया था। इस बात को लेकर ससुराल वालों ने उसे ताने देना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि हम नया मंगलसूत्र दिला देते तो शायद उसकी मानसिक स्थिति में सुधार हो सकता था। लेकिन रोज-रोज की प्रताड़ना ने रमा को तोड़ दिया।
शव को पीएम के लिए भेजा
रमा की बहनों में तीसरे नंबर की थी, उसकी शादी 2 मार्च 2024 को ही हुई थी। दस दिन पहले वह अपने मायके आई थी और उस समय भी वह तनाव में थी। रमा की मौत ने पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ा दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कर लिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।