पीलीभीत हादसा: मौत बनकर टूटा करंट, एक झटके में उजड़ गया पूरा परिवार

पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के झूलते तारों की चपेट में आने से एक निजी बस में करंट फैल गया, जिससे बस मालिक और उनके बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क पर धरना देकर बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 8 June 2026, 2:11 PM IST
google-preferred

Pilibhit: पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में रविवार रात एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गौनेरी वदी गांव के पास झूलते हाईटेंशन तारों की चपेट में आने से एक निजी बस में अचानक करंट दौड़ गया और देखते ही देखते एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। इस हादसे में बस मालिक और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

कैसे हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फारूक निवासी 50 वर्षीय सज्जन खां अपने 20 वर्षीय बेटे सुब्हान के साथ एक बरात छोड़कर वापस लौट रहे थे। निजी बस के मालिक होने के साथ-साथ सज्जन खुद ही बस चलाते थे। रविवार रात जैसे ही वे जहानाबाद क्षेत्र के गौनेरी वदी गांव के पास पहुंचे, सड़क किनारे झूल रहे हाईटेंशन लाइन के तार अचानक बस की छत से छू गए।

पीलीभीत में दर्दनाक हादसा: गैस गीजर से दम घुटने से पति-पत्नी की मौत, प्रेम विवाह हुआ था

बस में फैला करंट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही करंट फैला, बस के आगे के हिस्से में आग जैसी स्थिति बनने लगी और टायर जलने लगे। करंट लगते ही बस मालिक सज्जन खां सीट से कूद गए, जबकि उनका बेटा सुब्हान जान बचाने के लिए दरवाजे की ओर भागा। बताया जा रहा है कि जैसे ही सुब्हान ने लोहे का दरवाजा पकड़ा, वह तुरंत करंट की चपेट में आ गया। उसका एक पैर बस की सीढ़ी पर और दूसरा जमीन पर था, जिससे अर्थिंग बनने पर वह पूरी तरह चिपक गया। इस दौरान उसके पैर और चप्पलें भी जल गईं।

बेटे को बचाने पहुंचे पिता

सुब्हान को तड़पता देख पिता सज्जन खां उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन जैसे ही वे पास पहुंचे, करंट ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही गंभीर हालत में पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने पिता और पुत्र को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।

तेज रफ्तार का कहर: बरेली-पीलीभीत मार्ग पर ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत, परिवारों में मातम

बिजली विभाग पर आरोप

हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का कहना है कि झूलते हुए हाईटेंशन तारों को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन बिजली विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही ने दो जिंदगियों को निगल लिया।

Location :  Pilibhit

Published :  8 June 2026, 2:11 PM IST

Advertisement