हिंदी
Maharajganj: जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्रामपुर चौराहा स्थित एक किराना दुकान पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित पेट्रोल और डीजल बरामद किया है। पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर महिला दुकानदार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, 30 मई को अपराह्न करीब 12 बजे क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ विश्रामपुर चौराहा स्थित एक किराना दुकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान के सामने आधा लीटर की पानी की बोतल में ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) रखा मिला। इसके बाद टीम ने दुकान के भीतर गहन तलाशी अभियान चलाया।
महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में की गई जांच में दुकान से भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल बरामद हुआ। अधिकारियों के अनुसार, 20 लीटर क्षमता वाले पांच गैलनों, एक डिब्बे तथा विभिन्न पानी की बोतलों में कुल 146 लीटर पेट्रोल मिला। वहीं एक ड्रम, एक गैलन और बोतलों में कुल 122 लीटर डीजल भी बरामद किया गया।
मौके पर मौजूद दुकान संचालिका तान्या जायसवाल पत्नी मिन्टू जायसवाल से पेट्रोल-डीजल के भंडारण एवं बिक्री संबंधी लाइसेंस, खतौनी और फार्मर रजिस्ट्री सहित आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकीं। जांच के दौरान दिए गए लिखित बयान में उन्होंने स्वीकार किया कि बिना लाइसेंस पेट्रोल और डीजल का भंडारण कर लाभ कमाने के उद्देश्य से बिक्री की जाती थी। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि कुछ डीजल बोलेरो वाहन के उपयोग के लिए रखा गया था।
प्रशासन ने बरामद 146 लीटर पेट्रोल एवं 122 लीटर डीजल को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त कर लिया है। जब्त ईंधन को अग्रिम आदेश तक समीप स्थित पेट्रोल पंप की अभिरक्षा में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच में प्रथम दृष्टया उत्तर प्रदेश हाई स्पीड डीजल ऑयल एवं लाइट डीजल ऑयल (सम्भरण एवं वितरण) आदेश-1981 के उल्लंघन की पुष्टि होने पर मामला आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 तथा भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत दंडनीय पाया गया। जिलाधिकारी से अनुमोदन मिलने के बाद पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर फरेन्दा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल की खरीद एवं बिक्री का नेटवर्क कितने समय से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य लोगों की भी भूमिका है या नहीं। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध ईंधन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
Location : Maharajganj
Published : 31 May 2026, 11:35 AM IST
Topics : Farenda illegal Maharajganj Petrol Diesel woman