किसान आंदोलन के बीच टोल प्लाजा पर अचानक मचा हड़कंप, खुद पर पेट्रोल डालकर लाइटर निकाला; फिर हुआ बड़ा हादसा

किसान आंदोलन को लेकर पुलिस की सतर्कता के बीच ढेरही टोल प्लाजा पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल डालकर लाइटर निकाल लिया। पुलिस ने समय रहते उसे रोक लिया। इसी दौरान टोल से कुछ दूरी पर हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 October 2026, 9:54 AM IST
google-preferred

जौनपुर/वाराणसी: किसान नेताओं के आंदोलन को लेकर जौनपुर बॉर्डर और चोलापुर क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता के बीच मंगलवार को ढेरही टोल प्लाजा पर हंगामे की स्थिति बन गई। किसान आंदोलन में शामिल होने पहुंचे एक व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर लाइटर निकाल लिया। पुलिसकर्मियों ने समय रहते लाइटर छीनकर उसे रोक लिया। इस दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

तिरंगा लेकर टोल प्लाजा पहुंचा किसान नेता

जानकारी के अनुसार, अजीत सिंह मंगलवार दोपहर करीब 12:58 बजे अपने एक साथी के साथ रोडवेज बस से ढेरही टोल प्लाजा पहुंचे। उनके हाथ में तिरंगा था। बस से उतरने के बाद उन्होंने तिरंगा दिखाया और छोटी बोतल में रखा पेट्रोल अपने ऊपर उड़ेल लिया।

इसके बाद उन्होंने हाथ में लाइटर ले लिया। इससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनके हाथ से लाइटर छीन लिया और उन्हें वाहन में बैठाकर राजातालाब थाने ले गए।

विरोध में खेत के रास्ते टोल पर पहुंचे लोग

अजीत सिंह को पुलिस द्वारा ले जाए जाने की सूचना के बाद कुछ लोग खेतों के रास्ते टोल प्लाजा पहुंच गए। यहां किसान संगठन से जुड़े लोगों ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, कुल 14 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। बाद में कुछ प्रदर्शनकारियों को समझाने के बाद छोड़ दिया गया।

टोल से 300 मीटर दूर बाइक हादसा, एक की मौत

इसी बीच टोल प्लाजा से करीब 300 मीटर दूर चोलापुर की ओर एक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार मृत्युंजय सिंह उर्फ मुन्ना और उनके भतीजे अंकित सिंह को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी।

हादसे में मृत्युंजय सिंह की मौत हो गई, जबकि अंकित सिंह के हाथ में चोट आई। उपचार के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से छुट्टी दे दी गई।

चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम के अनुसार, दोनों पड़ोस के तराव गांव के रहने वाले थे। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मृत्युंजय सिंह को बचाया नहीं जा सका।

UP Rajya Sabha Elections: गणित और जोड़-तोड़ में जुटी भाजपा, आठवीं के बाद नौवीं सीट पर टिकी नजरें

किसान आंदोलन को लेकर भारी पुलिस बल तैनात

आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी। वरुणा जोन के डीसीपी राजेश कुमार पांडेय, एडीसीपी लिपि नगायच और एसीपी समेत अन्य अधिकारी मौके की स्थिति पर नजर रख रहे थे।

लोक संपत्ति को नुकसान और किसी तरह के उपद्रव की आशंका को देखते हुए दो कंपनी पीएसी के साथ करीब 350 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा 5 एसीपी और 10 थाना प्रभारियों समेत वरिष्ठ अधिकारी भी मुस्तैद रहे।

मृतक का एक बेटा सहारनपुर में दरोगा

मृतक मृत्युंजय सिंह उर्फ मुन्ना तराव गांव के रहने वाले थे। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा रितेश सिंह सहारनपुर में दरोगा के पद पर तैनात है, जबकि दूसरा बेटा विनीत सिंह घर पर रहकर पढ़ाई करता है।

Location :  Jaunpur

Published :  1 October 2026, 9:54 AM IST

Advertisement