Jalaun News: नवीन ज्वेलर्स लूट कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश हुए घायल

कोंच कस्बे में बीती 15 मई को हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 27 May 2025, 4:47 PM IST
google-preferred

जालौन: यूपी के जालौन जिले के कोंच कस्बे में बीती 15 मई को हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है। इस घटना में नवीन ज्वेलर्स की दुकान में दिन-दहाड़े अज्ञात बदमाशों ने तमंचों के बल पर डकैती को अंजाम दिया था और मौके से फरार हो गए थे। इस लूट कांड ने न केवल स्थानीय व्यापारियों में दहशत फैलाई, बल्कि व्यापारी संगठनों ने घटना के खुलासे की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन भी किया था। व्यापारियों के दबाव और डीआईजी झांसी के सख्त निर्देशों के बाद जालौन पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू की और आखिरकार बदमाशों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट कांड के आरोपी कोंच कस्बे के महंतनगर से परैथा जाने वाली नहर पट्टी के पास छिपे हुए हैं और वहां से भागने की फिराक में हैं। इस सूचना पर तुरंत हरकत में आई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को घेरने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस मुठभेड़ में तीन बदमाशों राजवीर गोस्वामी, रामेंद्र और रानू, जो कि ग्राम करई, थाना समथर, जनपद झांसी के निवासी हैं, उनके पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए।

बदमाशों के पास से बरामद हुआ सामान

पुलिस ने घायल बदमाशों को तत्काल हिरासत में ले लिया और उनके कब्जे से लूटे गए सामान, जिसमें चांदी का एक सिंहासन, अन्य आभूषण, तीन अवैध हथियार, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की। घायल बदमाशों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, ये तीनों बदमाश अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 15 मई को नवीन ज्वेलर्स की दुकान में घुसे थे और हथियारों के बल पर लूटपाट की थी। घटना के बाद ये बदमाश मौके से फरार हो गए थे, जिससे पुलिस पर दबाव बढ़ गया था।

वहीं इस मुठभेड़ और बरामदगी के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में राहत की सांस है। पुलिस अब इन बदमाशों के अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस लूट कांड में और कौन-कौन शामिल था। डीआईजी झांसी ने इस कार्रवाई को पुलिस की सतर्कता और तत्परता का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Location :  Jalaun

Published :  27 May 2025, 4:47 PM IST

Related News

Advertisement