“सफाई में लापरवाही मिली तो कार्रवाई तय”, सादाबाद में सुबह-सुबह निकले DM: कूड़े से लेकर अतिक्रमण तक पर सख्ती

हाथरस के सादाबाद में मंगलवार सुबह डीएम के औचक निरीक्षण से नगर पंचायत में हलचल बढ़ गई। वार्ड नंबर 15 से लेकर नगर पंचायत कार्यालय तक उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 29 September 2026, 5:02 PM IST
google-preferred

Hathras: सादाबाद में सफाई व्यवस्था को लेकर मंगलवार सुबह प्रशासन की सक्रियता उस वक्त साफ दिखाई दी, जब जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने नगर पंचायत क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 8 बजे डीएम वार्ड नंबर 15 पहुंचे और मौके पर चल रहे सफाई कार्यों की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई के साथ सड़क किनारे अतिक्रमण, कूड़े के निस्तारण और जलभराव जैसे मुद्दों पर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

दुकानदारों को भी दिए साफ निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दुकानदारों से सीधे बातचीत की। उन्होंने दुकानों के बाहर सड़क या सार्वजनिक स्थान पर सामान नहीं रखने और अतिक्रमण से बचने को कहा। डीएम ने कहा कि सड़क पर सामान फैलाने से यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में अतिक्रमण मिलने पर संबंधित लोगों को नियमानुसार नोटिस जारी किया जाए और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई भी की जाए।

ये भी पढ़ें- बदायूं में प्राचीन शिव मंदिर की चारदीवारी टूटी, पहले से चल रहा था विवाद; अब पुजारी ने पुलिस से लगाई गुहार

सड़क किनारे नहीं दिखना चाहिए सफाई का कूड़ा

इसके बाद जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सफाई अभियान के दौरान निकलने वाले कूड़े के निस्तारण को लेकर विशेष निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सफाई के बाद इकट्ठा होने वाला कूड़ा सड़क किनारे या किसी सार्वजनिक स्थान पर पड़ा नहीं रहना चाहिए। उसे तत्काल उठाकर निर्धारित डंपिंग स्थल तक पहुंचाया जाए, ताकि सफाई अभियान का उद्देश्य पूरा हो सके।

जलभराव वाले इलाकों पर खास नजर

जिलाधिकारी ने आगामी 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान को देखते हुए नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों को प्राथमिकता से चिन्हित कर वहां जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही मच्छर और अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए। प्रमुख चौराहों, गलियों और नालियों की नियमित सफाई पर भी जोर दिया गया।

ये भी पढ़ें- हाथ बंधे थे तो फांसी कैसे? मिर्जापुर में युवक की मौत पर उठे सवाल, गायब मोबाइल और पुलिस की टाइमिंग ने बढ़ाया शक

मंदिरों के आसपास भी सफाई के निर्देश

डीएम ने जरूरत के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने और मंदिरों के आसपास विशेष सफाई कराने को कहा। झाड़ियों की कटाई भी कराने के निर्देश दिए गए, ताकि गंदगी और मच्छरों के पनपने की संभावना को कम किया जा सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सफाई के दौरान निकलने वाले कूड़े का समय पर निस्तारण जरूरी है। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत सादाबाद के अधिशासी अधिकारी विकास जैन सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Location :  Hathras

Published :  29 September 2026, 5:02 PM IST

Advertisement